लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर बीजेपी ने अपनी पहली लिस्ट जारी की तो उसमें एक नाम पर सभी का ध्यान गया, जो कि सांसद और केंद्रीय मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह था। जितेंद्र सिंह मोदी कैबनेट का काफी जाना माना चेहरा है। उन्हें एक बार फिर बीजेपी ने जम्मू की ऊधमुपर सीट से प्रत्याशी घोषित किया है। जितेंद्र सिंह के साथ ही जम्मू की ही सीट से जुगल किशोर शर्मा को भी टिकट मिला है लेकिन ज्यादा चर्चा जितेंद्र सिंह की है, क्योंकि वे जम्मू कश्मीर का प्रतिनिधित्व संसद के साथ ही मोदी कैबिनेट में भी करते हैं।
मोदी सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के पुराने चुनावी रिकॉर्ड्स की बात करें तो उन्होंने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया है। वर्ष 2014 में ऊधमपुर सीट पर डॉ. जितेंद्र सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद को हराया था। डॉ. जितेंद्र सिंह को 487,369 वोट मिले थे, गुलाम नबी आजाद को 4,26,393 वोट ही पा सके थे। उस समय गुलाम नबी आजाद कांग्रेस के प्रत्याशी थे।
इसके अलावा बात 2019 की करें तो ऊधमपुर सीट पर डॉ. जितेंद्र सिंह ने बीजेपी को एक बार फिर जीत दिलाई थी। उन्होंने निकटत प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम आदित्य सिंह को हराया था। जितेंद्र सिंह ने 7,24,311 वोट हासिल किए थे, जबकि दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह ने 3,67,059 वोट ही हासिल कर पाए थे। दोनों ही बार बीजेपी के सामने मुख्य रूप से कांग्रेस ने टक्कर दी है। 2019 में भाजपा से अलग होकर चौधरी लाल सिंह ने इस सीट से चुनाव लड़ा था, उन्हें मात्र 19,049 वोट ही मिले थे।
कांग्रेस से मुकाबला लेकिन अभी तक तय नहीं प्रत्याशी
ऊधमपुर सीट पर कांग्रेस ने अभी तक अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान नहीं किया है, जबकि ऊधमपुर-डोडा-कठुआ सीट के लिए बीजेपी का मुकाबला ही कांग्रेस से ही होता है। कांग्रेस अभी अपना प्रत्याशी ही तय नहीं कर पाई है। वहीं, कांग्रेस छोड़ चुके गुलाम नबी आजाद (Ghulam Nabi Azad) ने अपनी पार्टी डीपीएपी से पूर्व मंत्री जीएम सरूरी को चुनाव मैदान उतारा है। आजाद का चिनाब क्षेत्र में काफी जनाधार है और यह क्षेत्र ऊधमपुर-डोडा-कठुआ लोकसभा क्षेत्र में ही आता है।
जितेंद्र सिंह का लंबा है राजनीतिक अनुभव
जितेंद्र सिंह के राजनीतिक रसूख की बात करें तो फिलहाल डॉक्टर जितेंद्र सिंह पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय के राज्यमंत्री, प्रधानमंत्री कार्यालय, परमाणु ऊर्जा विभाग तथा अंतरिक्ष विभाग के राज्यमंत्री हैं। वे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी है, तथा जम्मू कश्मीर के लिए बीजेपी की तरफ से मुख्य प्रवक्ता थे।
जितेंद्र सिंह के निजी जीवन की बात करें तो उनकी पत्नी का नाम मंजु सिंह और उनके दो बेटे हैं। जितेंद्र सिंह ने स्नातक तक की पढ़ाई की है। जितेंद्र सिंह दो बार तो पार्टी के भरोसे पर खरे उतरे हैं और ऊधमपुर सीट पर पार्टी का प्रदर्शन भी शानदार रहा है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि इस बार क्या वो अपनी जीत की हैट्रिक लगा पाते हैं या नहीं।