Lok Sabha Elections: लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को धनबाद के सिंदरी में कई रेल परियोजनाओं को हरी झंडी दिखाई। पीएम मोदी ने कहा कि आज यहां सिंदरी उर्वरक कारखाने का लोकार्पण किया गया है। मैंने संकल्प लिया था कि सिंदरी के इस खास कारखाने को जरूर शुरू करवाउंगा। ये मोदी की गारंटी थी और आज ये गारंटी पूरी हुई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज झारखंड को 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का उपहार मिला है। मैं अपने किसान भाइयों को, आदिवासी समाज के लोगों को और झारखंड की जनता को इन योजनाओं के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

  1. HURL सिंदरी यूनिट, दोहरी रेलखंड परियोजना, धनबाद-चंद्रपुरा रेल लाइन आदि योजनाओं की पीएम ने झारखंड को सौगात दे दी है। पीएम मोदी ने रिमोट का बटन दबाकर 36 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन कर दिया।
  2. पीएम मोदी ने रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। परियोजनाओं में सोन नगर-अंडाल को जोड़ने वाली तीसरी और चौथी लाइन, टोरी-शिवपुर पहली और दूसरी तथा बिराटोली-शिवपुर तीसरी रेलवे लाइन (टोरी-शिवपुर परियोजना का हिस्सा), मोहनपुर-हंसडीहा नयी रेल लाइन, धनबाद-चंद्रपुरा रेल लाइन शामिल हैं।
  3. प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने संकल्प लिया कि यूरिया के मामले में भारत को आत्मनिर्भर बनाएंगे। बीते 10 सालों में हमने पांच उर्वरक प्लांट दोबारा शुरू करवाए। इन प्लांट से भारत 60 लाख से भी ज्यादा यूरिया का उत्पादन कर पाएगा। इस पांच फर्टिलाइजर प्लांट से भारत आत्मनिर्भर बनने की ओर बढ़ रहा है। इससे विदेशी मुद्रा बचेगी और वह पैसा किसानों के हित में खर्च होगी।
  4. मोदी ने कहा कि बीते 10 वर्षों में हमने जनजातीय समाज, गरीबों, युवाओं और महिलाओं को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाकर झारखंड के लिए काम किया है।
  5. 2047 तक हमें अपने देश को विकसित बनाना है। आज, भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।
  6. हमने अभी देखा कि वित्तीय वर्ष 2023-24 की तीसरी तिमाही के जीडीपी आंकड़ों के अनुसार, भारतीय अर्थव्यवस्था 8.4% (अक्टूबर-दिसंबर अवधि के दौरान) बढ़ी। इससे पता चलता है कि भारत की क्षमताएं किस गति से बढ़ रही हैं। हमें ‘विकसित भारत’ के निर्माण के लिए ‘विकसित झारखंड’ का निर्माण करना होगा।
  7. झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेने ने कहा कि नई तकनीक से खेत खलिहान में काम कर रहे हैं। झारखंड आदिवासी बहुल क्षेत्र है। हमें आधुनिक पद्धति को अपनाना है। हमें आज के युग के साथ चलना है और अपने राज्य को संवारना है।
  8. चंपई सोरेन ने कहा कि कोयलांचल में खनिज का भंडार है। यहां खेत-खलिहान भी बहुत हैं। आज बड़े सौभाग्य का दिन है। आज झारखंड प्रदेश में पीएम का आगमन हुआ है। पीएम का बिरसा मुंडा, सिधो-कान्हू की धरती पर स्वागत है।
  9. केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि नैनो यूरिया और नैनो डीएपी को बढ़ावा दिया। 15 हजार महिलाओं को ड्रोन की प्रशिक्षण दिया। हम भारत को यूरिया में आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं।
  10. अर्जुन मुंडा ने कहा कि पीएम मोदी की इच्छाशक्ति की वजह से आज सिंदरी का कारखाना पुनर्जीवित हुआ है। पीएम का संदेश है कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास है। इस कारखाने के माध्यम से विकसित भारत की कल्पना को हम साकार होते देख रहे हैं।