PM Modi Amroha Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव के लिए धुआंधार प्रचार कर रहे हैं। पीएम मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के अमरोहा में रैली को संबोधित किया है। पीएम ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर हमला बोले है। उन्होंने कहा कि यूपी में दो शहजादे फिल्म की शूटिंग करते हुए घूम रहे हैं। इन्हें पहले भी जनता ने खारिज किया था। दोनों आस्था पर हमला करने से नहीं चूकते।

साथ ही, उन्होंने विपक्षी गठबंधन इंडिया को भी टारगेट किया है। उन्होंने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव देश के भविष्य का चुनाव है। इस चुनाव में आप का एक एक वोट भारत के भाग्य को सुनिश्चित करने वाला है। भाजपा गांव, गरीब के लिए बड़े विजन और बड़े लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ रही है। लेकिन INDI गठबंधन के लोगों की सारी शक्ति गांव, देहात को पिछड़ा बनाने में लगती है। इस मानसिकता का सबसे बड़ा नुकसान अमरोहा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश जैसे क्षेत्रों को उठाना पड़ा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार की पीएम विश्वकर्मा योजना और मुद्रा योजना का लाभ यहां के लोगों को भी मिल रहा है। मोदी सरकार के पिछले 10 वर्षों में क्या हुआ है। अभी तो सिर्फ ट्रेलर है, हमें उत्तर प्रदेश और देश को बहुत आगे लेकर जाना है।

मोहम्मद शमी को दिया गया अर्जुन पुरस्कार

पीएम मोदी ने कहा कि क्रिकेट विश्व कप में मोहम्मद शमी के द्वारा किए गए अद्भुत कारनामे को पूरी दुनिया ने देखा है। केंद्र सरकार ने उन्हें अर्जुन पुरस्कार दिया है। खेल में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मोहम्मद शमी और सीएम योगी की सरकार दो कदम आगे बढ़कर यहां युवाओं के लिए स्टेडियम भी बना रही है। 2024 का लोकसभा चुनाव देश के भविष्य का चुनाव है।

पीएम ने कहा कि हमारे देश में पहले की सरकारें सामाजिक न्याय के नाम पर एससी-एसटी और ओबीसी को धोखा देती रहीं। जो सपना ज्योतिबा फुले ने देखा था, जो सपना बाबा साहेब अंबेडकर ने देखा था, जो सपना चौधरी चरण सिंह ने देखा था, अब मोदी उस सामाजिक न्याय के सपने को पूरा कर रहा है।

तीसरी बार मोदी के आने के बाद जो काम रह गए वो भी पूरे होंगे

पीएम ने संबोधित करते हुए कहा कि अब सभी को पक्का घर मिलेगा। यही मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा कि जब आप चुनाव प्रचार करने गांवों में जाएंगे वहां दो-चार लोग ऐसे मिल जाएंगे जिनको अभी घर और नल से जल योजना का लाभ नहीं मिला है। इसके अलावा कुछ लोगों को गैस कनेक्शन भी नहीं पहुंचा हो। अगर कोई छूट गया हो तो आप पूरे विश्वास के साथ कहना। तीसरी बार मोदी के आने के बाद जो बाकी काम रह गए वह भी पूरे हो जाएंगे।

सपा कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी

पीएम ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बना, तो सपा-कांग्रेस दोनों पार्टियों में प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकरा दिया। ये लोग आए दिन राम मंदिर और सनातन आस्था को गालियां दे रहे हैं। अभी रामनवमी पर प्रभु रामलला का भव्य सूर्य तिलक हुआ है। आज जब पूरा देश राममय है, तब समाजवादी पार्टी के लोग रामभक्ति करने वालों को सार्वजनिक रूप से पाखंडी कहते हैं।