दिल्ली में 12 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग से पहले एक बार फिर 1984 सिख विरोधी दंगे का मुद्दा गर्मा गया है। सत्ताधारी भाजपा ने 1984 के सिख विरोधी दंगे का एक वीडियो ट्वीट किया है। इस वीडियो को भाजपा के आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से पोस्ट किया गया है।
इसमें दंगे को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के भाषण की भी एक क्लिप है। इसमें कहा गया है ‘जब पेड़ गिरता है, धरती हिलती है।’ राजीव गांधी की यह टिप्पणी उनका मां और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके सिख अंगरक्षकों द्वारा गोली मारने के बाद हुए 3000 सिखों की मौत के बाद आया था।
इस बयान को अक्सर कांग्रेस के अहंकार के रूप में माना जाता है। कांग्रेस के कई नेताओं पर दिल्ली में सिखों को मारने वाली भीड़ का नेतृत्व करने का आरोप है। इनमें से सज्जन कुमार, जगदीश टाइटलर, कमल नाथ और एचकेएल भगत के नाम भी शामिल हैं।
भाजपा ने इस वीडियो का कैप्शन लिखा है, ‘यह वीडियो आपको भीतर तक झकझोर देगा। अब फैसला आपको करना है।’ मालूम हो कि राजीव गांधी की 1991 में तमिल टाइगर के आत्मघाती हमलावर ने मार डाला था। भाजपा की तरफ से यह तीसरी बार है इस लोकसभा चुनाव के प्रचार में राजीव गांधी का नाम लिया गया है।
सबसे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने राजीव गांधी को ‘भ्रष्टाचारी नंबर 1’ बताया था। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में चुनावी सभा के दौरान आईएनएस विराट को ‘प्राइवेट टैक्सी’ की तरह प्रयोग करने का सनसनीखेज आरोप लगाया था।
इसके बाद अब 1984 के सिख विरोधी दंगों के वीडियो के साथ राजीव की क्लिप पोस्ट की गई है। हालांकि, सिख दंगे की जांच करने वाले नानावती आयोग ने दंगों के संबंध में राजीव गांधी का किसी भी तरह का जिक्र नहीं किया था।
सैम पित्रोदा के बयान पर भी भाजपा आक्रामकः इससे पहले भाजपा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा के सिख दंगे को लेकर दिए गए बयान पर आक्रामक रुख अपनाया था। एक सवाल के जवाब में सैम पित्रोदा ने कहा था, ‘अब क्या है 84 का? आपने क्या किया पांच साल उसकी बात करिये। 84 में जो हुआ वो हुआ, आपने क्या किया।’ इससे पहले प्रधानमंत्री ने दिल्ली में चुनावी सभा के दौरान सिख दंगे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा था।

