कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के प्रति तीखे तेवर अपनाए। उन्होंने कहा कि राजस्थान में वसुंधरा या भाजपा की नहीं ललित मोदी की सरकार है। प्रधानमंत्री के 56 इंच की छाती के संदर्भ में कहा कि यह अगले छह महीने में 5.6 इंच की हो जाएगी।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के राजस्थान के दो दिन के दौरे में शुक्रवार को जयपुर में भी भाजपा के खिलाफ हमलावर रवैया अपनाया। उन्होंने यहां कांग्रेस पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन में केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार को जमकर कोसा और पार्टी के लोगों से संघर्ष का रास्ता अपनाने को कहा। ललित मोदी की मदद के विवादों में फंसी मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर तो उन्होंने जमकर वार किए। इसके साथ ही भूमि अधिग्रहण कानून के चलते केंद्र सरकार भी उनके निशाने पर रही।
राहुल गांधी ने अपने एक घंटे के भाषण में नरेंद्र मोदी, वसुंधरा राजे और ललित मोदी के नाम लेकर कई कटाक्ष किए। उन्होंने ललित मोदी और वसुंधरा प्रकरण में कहा कि राजस्थान प्रदेश का रिमोट कंट्रोल लंदन में है। ऐसे में यहां की सरकार को भाजपा की या वसुंधरा की सरकार नहीं बल्कि ललित मोदी की सरकार कहना सही होगा। राहुल ने ललित मोदी प्रकरण में वसुंधरा राजे की भूमिका पर सवाल भी उठाये।
उन्होंने कहा कि राजे ने देश का कानून तोड़ते हुए एक भगोड़े और भ्रष्ट आदमी की मदद की है। इतना सब कुछ हो जाने के बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने वसुंधरा सरकार के बजाए ललित मोदी की सरकार का संबोधन किया और कहा कि इसने पहला काम स्कूलों को बंद करने का किया। राहुल ने लगान फिल्म का जिक्र करते हुए उसके जरिए किसानों और गरीबों की समस्याओं को लेकर भी भाजपा सरकारों पर निशाना साधा।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने भूमि अधिग्रहण कानून के मसले पर तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जमकर आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि संसद में हम इस कानून को पास नहीं होने देंगे। किसानों की एक इंच जमीन नहीं जाएगी। प्रधानमंत्री की 56 इंच की छाती 5.6 इंच की हो जाएगी, छह महीने में ही। कांग्रेस इस मामले में जमकर संघर्ष करेगी।
उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र में ऐसी सरकार आई है जो विपक्ष की मदद कर रही है। जहां भी सरकार को मौका मिलता है, कांग्रेस की मदद में लग जाते हैं। उनका इशारा हाल में भाजपा के खिलाफ उठे मुददों की तरफ था। किसानों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण बिल को लेकर तीन बार अध्यादेश जारी किया इनमें दम नहीं है कानून पास करने का।
राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं के आपसी झगड़ों को लेकर भी नसीहत दी। उन्होंने कहा कि ऐसे झगड़े हमेशा चलते रहते हैं। इन्हें रोकने की कोशिशें भी की गई हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि कांग्रेस एक परिवार है और परिवार में झगड़े चलते रहते हैं। उन्होंने कांग्रेसजनों से अपील की कि आपस में जितना झगड़ना हो झगड लो पर भाजपा के खिलाफ मिल कर झगड़ना होगा।