CAA Protest: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार (1 मार्च) को कोलकाता का दौरा किया और संशोधित नगारिकता कानून (सीएए) पर ‘‘भ्रम दूर करने’’ के लिए एक रैली को संबोधित किया। हालांकि इस दौरे को लेकर अमित शाह को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस एयरपोर्ट के बाहर प्रदर्शनकारियों ने ‘गो बैक’ के नारे लगाए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अमित शाह के काफिले को काले झंडे भी दिखाए।
खबर के अनुसार, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, कांग्रेस, टीएमसी और लेफ्ट पार्टियों के सदस्य शाह की यात्रा के खिलाफ हवाई अड्डे के पास प्रदर्शन कर रहे थे, प्रदर्शनकारियों में काफी संख्या महिलाएं भी थी। प्रदर्शनकारियों के हाथ में ‘गो बैक अमित शाह’ लिखे पोस्टर थे। कई लोग काले झंडे और काले बैलून लेकर भी बाहर में खड़े थे।
गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता के शहीद मीनार मैदान में रैली को संबोधित किया। जहां भाजपा की राज्य इकाई ने संसद में नागरिकता (संशोधन) विधेयक पारित कराने के लिए अमित शाह का अभिनंदन किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा भी रैली में शामिल हुए। शाह ने राजरहाट में एनएसजी की एक नयी इमारत का उद्घाटन भी किया। इसके बाद शाह कोलकाता के प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर के दर्शन भी करने गए।
गृह मंत्री अमित शाह ने ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ ‘आर नोय अन्याय’ (और अत्याचार नहीं) अभियान की शुरूआत की। शाह ने दावा किया कि “हम 2021 में विधानसभा चुनाव के बाद दो तिहाई बहुमत से बंगाल में अगली सरकार बनाएंगे।” गृह मंत्री ने कहा कि कुछ महीनों में भव्य राम मंदिर का निर्माण होगा।
शहीद मीनार मैदान पर रैली के दौरान भी प्रदर्शनकारियों ने अमित शाह का विरोध किया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें नियंत्रित करने का प्रयास किया। जिसके चलते प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। हालांकि पुलिस ने जल्द ही स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
अमित शाह की यात्रा के मद्देनजर कोलकाता में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अमित शाह ने प्रदेश नेतृत्व के साथ आगामी चुनाव को लेकर रणनीतिक चर्चा भी की।