असम के कोकराझार में उग्रवादियों की फायरिंग में 13 लोगों की मौत हो गई है और 18 लोगों के घायल होने की जानकारी है। असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनेवाल ने इस मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री राजनाथ सिंह से बात की। सर्वानंद सोनोवाल इस मामले में नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर अजित डोवाल से भी मिले। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि वह असम के लिए रवाना हो रहे हैं। इससे पहले उन्होंने उग्रवादियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की बात कही। पीएम मोदी ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है।

असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मुआवजे की घोषणा की है। सीएम ने हमले में मरने वालों के परिवार को 5 लाख और घायलों को एक लाख के मुआवजे का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार असम की जनता की सुरक्षा के प्रतिबद्ध है और वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि हमला करने वालों के खिलाफ हमारी सख्त कार्रवाई करेगी।

रक्षा राज्यमंत्री सुभाष भामरे ने बताया कि आर्मी और अर्धसैनिक बलों ने उग्रवादियों को पकड़ने के लिए ऑपरेशन शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि किसी भी उग्रवादी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी अभी तक नहीं ली है। उग्रवादियों की संख्या 7 से 8 के बीच बताई जा रही है। सेना ट्रैकर डॉग्स, स्पेशल ट्रुप्स और अत्याधुनिक संसाधनों से लैस होकर हमलावरों के खिलाफ बड़े पैमाने पर ऑपरेशन चला रही है। सेना ने बचे हुए उग्रवादियों की तलाश में पूरे इलाके में संघन ऑपरेशन चलाया हुआ है। असम के डीजीपी मुकेश सहाय ने बताया कि घटनास्थल पर एक AK-47, ग्रेनेड समेत अन्य हथियार बरामद हुए। उन्होंने बताया कि एक हमलावर को मार गिराया गया है।

गोवाहटी बेस्ड डिफेंस पीआरओ लेफ्ट कर्नल सुनीत न्यूटन ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि दो उग्रवादी नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड NDFB(S) से संबंधित है। दोनों NDFB(S) ने चलते आटो रिक्शा से कोकराझार के बालाजन तिनाली क्षेत्र में लोगों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई है और 18 लोग घायल हो गए हैं।


कोकराझार अटैक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने लिखा- कोकराझार में हुए अटैक से दुखी हूं। मृतकों के परिवार और घायलों के लिए प्रार्थना करता हूं। पीएम मोदी ने अपने अगले ट्वीट में बताया कि होम मिनिस्ट्री असम सरकार के साथ टच में है और पूरे हालात पर नजर रखे हुए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने असम के कोकराझार में हुए हमले की कड़ी निंदा की है। साथ ही हमले में मारे गए 13 लोगों के परिवार के लिए शोक व्यक्त किया है।