Strategy Of BJP For 2024 : भाजपा 2024 से पहले लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गयी है लेकिन 14 जनवरी तक हिंदू कैलेंडर के अनुसार अशुभ माने जाने वाले खरमास की अवधि समाप्त होने तक भाजपा ना कोई महत्वपूर्ण निर्णय लेगी और ना ही कोई बड़ा आयोजन करेगी। हालांकि भाजपा ने अपनी बैठकों और रणनीति की तैयारियों को सरकार और संगठन दोनों स्तर पर बढ़ा दिया है। मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं जो संभवत 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले का आखिरी फेरबदल होंगे।
इन तीन वजहों से हो सकता है मंत्रिमंडल में बदलाव
सूत्रों के मुताबिक, तीन कारणों से फेरबदल होने की संभावना है। जिसमें से एक मंत्रिपरिषद और संगठन में जाति संयोजन को संतुलित करना। दूसरा आगामी विधानसभा और फिर 2024 के आम चुनाव को आसान बनाना और तीसरा प्रदर्शन ना कर सकने वाले मंत्रियों को हटाकर शिंदे शिवसेना गुट के नेताओं को शामिल करना है।
भाजपा नौ राज्यों की सभी संसदीय सीटों पर सक्रिय है जहां 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले चुनाव होने हैं। भाजपा ने शुरू में देश भर में 140 संसदीय सीटों को चिन्हित किया था कि जहां वह 2019 में हार गई थी। अब भाजपा इन सीटों पर बेहतर काम करने के प्रयास में है। भाजपा ने पिछले महीने दो बैठकों जिला अध्यक्षों के साथ मिलकर काम करने और ग्राउंड लेवल पर पार्टी को लेकर प्रयासों के लिए योजना बनाई है।
अमित शाह करेंगे 11 राज्यों का दौरा
इस सांगठनिक प्रयास के तहत गृह मंत्री अमित शाह इस महीने 11 राज्यों की यात्रा करेंगे। उनके 5 जनवरी को त्रिपुरा, 6 जनवरी को मणिपुर और नागालैंड, 7 जनवरी को छत्तीसगढ़ और झारखंड और 8 जनवरी को आंध्र प्रदेश जाने की उम्मीद है। 16 जनवरी को अमित शाह उत्तर प्रदेश में होंगे। इसके अलावा वह पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, हरियाणा और पंजाब भी जाएंगे।
सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने सभी मंत्रियों के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए आगामी चुनावों की तैयारी में जुटे हैं। खासतौर पर कर्नाटक में जहां मई से पहले चुनाव होने हैं, पार्टी सूत्रों ने शीर्ष स्तर पर बदलावों से इंकार किया है। एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि सीएम बसवराज बोम्मई पार्टी का नेतृत्व करेंगे, जबकि बी एस येदियुरप्पा, जो नाखुश हैं, मार्गदर्शक की भूमिका में होंगे। हालांकि संगठन में बदलाव हो सकते हैं।