Sushma Swaraj News: दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री सुषमा स्वराज बुधवार (7 अगस्त) को पंचतत्व में विलीन हो गईं। हालांकि, उनकी यादें अब भी लोगों के जेहन में बरकरार हैं। बीजेपी दिल्ली के प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने सुषमा स्वराज की याद में एक ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, ‘एक वक्त दिल्ली में यह नारा आम था कि देश में हो अटल बिहारी, दिल्ली में बहन हमारी।’

बग्गा ने किया यह ट्वीट: जानकारी के मुताबिक, बीजेपी दिल्ली के प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने ट्वीट करके पूर्व सीएम सुषमा स्वराज की यादों को ताजा किया। उन्होंने लिखा, ‘‘मैं सुषमा जी को पहली बार तब देखा था, जब वह दिल्ली की मुख्यमंत्री थीं। इसके बाद 1998 में दिल्ली विधानसभा के चुनाव हुए। उस वक्त बीजेपी का नारा था, देश में हो अटल बिहारी, दिल्ली में हो बहन हमारी।’’

करीब 2 महीने तक दिल्ली की सीएम रही थीं सुषमा स्वराज: 12वीं लोकसभा के लिए सुषमा स्वराज ने दक्षिण दिल्ली से चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी। उन्हें लगातार दूसरी बार सूचना प्रसारण मंत्रालय सौंपा गया। साथ ही, दूरसंचार मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया। हालांकि, अक्टूबर 1998 में उन्होंने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया और दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं। इसके बाद दिसंबर 1998 में दिल्ली में विधानसभा चुनाव हुए, लेकिन कांग्रेस के हाथों बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा और शीला दीक्षित दिल्ली की दूसरी महिला मुख्यमंत्री बनीं।

[bc_video video_id=”6069046756001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]

दोबारा राष्ट्रीय राजनीति में लौट गई थीं सुषमा: दिल्ली में हार के बाद सुषमा स्वराज ने राष्ट्रीय राजनीति में वापसी की। 1999 में उन्होंने कर्नाटक की बेल्लारी लोकसभा सीट से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ा। हालांकि, उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 2000 में वह दोबारा राज्यसभा पहुंचीं और और उन्हें तीसरी बार सूचना एवं प्रसारण मंत्री बना दिया गया। वह मई 2004 तक वाजपेयी सरकार में रही थीं।