कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा का आज 38वां दिन है और यात्रा के 1000 किलोमीटर पूरे होने वाले हैं। शनिवार को यात्रा के एक हजार किलोमीटर पूरे होने पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी कर्नाटक के बेल्लारी में एक विशाल रैली को संबोधित करेंगे। इस रैली में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल होंगे।

कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बेल्लारी में नगर निगम मैदान में होने वाली रैली में 3 लाख से अधिक लोग शामिल होंगे। वहीं शनिवार को यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे भी दिखाई दिए। इस दौरान भूपेश बघेल भी पद यात्रा में राहुल गांधी के साथ चल रहे थे।

भारत जोड़ो यात्रा के 37 वें दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार शाम आंध्र प्रदेश के अनंतपुरम जिले के कुछ गांवों से गुजरे। राहुल गांधी का आंध्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष साके शैलजानाथ, कार्यकारी अध्यक्ष एन तुलसी रेड्डी, पूर्व मंत्री एन रघुवीरा रेड्डी और अन्य वरिष्ठ नेताओं द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। राहुल ने पड़ोसी राज्य कर्नाटक के डी हिरेहल मंडल की ओर से कनुकुप्पा गांव में प्रवेश किया।

राहुल गांधी कर्नाटक की सीमा पर आंध्रप्रदेश में पड़ने वाले जाजरकल्लू, मदनहल्ली, लक्ष्मीपुरम, डी हिरेहल और ओबुलापुरम गांवों से गुजरे। ओबुलापुरम चेकपोस्ट से राहुल गांधी रात को रुकने के लिए कर्नाटक के बेल्लारी लौटे। वहीं जयराम रमेश ने कहा है कि भारत जोड़ो यात्रा 2024 लोकसभा चुनाव की जमीन बनाएगी

राहुल गांधी ने शुक्रवार को ट्वीट कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और सरकार से कुछ सवाल किए। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “मुद्रास्फीति 35 साल के उच्च स्तर पर क्यों है? बेरोजगारी 45 साल के उच्च स्तर पर क्यों है? पराठों पर 18% GST क्यों लगाया जा रहा है? कृषि ट्रैक्टरों पर 12% GST क्यों लगाया जा रहा है? भारत जोड़ो यात्रा आपसे ये और भी बहुत कुछ सवाल पूछता रहेगा प्रधानमंत्री जी। आपको जवाब देना होगा।”

बेल्लारी में रैली को संबोधित करते राहुल गांधी, देखें वीडियो

राहुल गांधी ने एक अन्य ट्वीट में लिखा था, “राजा का अन्याय देखो। खाद- 5% GST, ट्रैक्टर- 12% GST, कीटनाशक- 18% GST। जहां देश का पेट भरने वाले अन्नदाताओं से भाजपा वसूली कर रही है, वहीं भारत जोड़ो यात्रा किसानों की आवाज़ बुलंद कर रही है। हम किसानों के साथ थे, हैं और रहेंगे।”