Khalistani Leader Threatens Punjab CM: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी गौरव यादव को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी खालिस्तानी समर्थक और सिख फॉर जस्टिस के संस्थापक गुरपतवंत सिंह पन्नू ने दी है। पन्नू ने गणतंत्र दिवस के मौके पर हमला करने की बात कही है। पन्नू ने गैंगस्टरों से कहा कि वे मान को गणतंत्र दिवस पर लुधियाना में तिरंगा फहराने की अनुमति न दें।

पन्नू की यह धमकी उस घटनाक्रम के कुछ हफ्ते बाद आई है, जब अमेरिकी संघीय अभियोजकों ने एक भारतीय अधिकारी पर न्यूयॉर्क में गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था।

प्रतिबंधित सिख फॉर जस्टिस के संस्थापक पन्नू ने एक वीडियो संदेश में यह धमकी दी। जहां उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह में बिना सुरक्षा कवर के भाग लेने की चुनौती भी दी।

आतंकी पन्नू ने अपने वीडियो संदेश में कहा, ‘मैं मोदी को चुनौती देता हूं, आप अपनी सुरक्षा के बिना दिल्ली आएं। यदि आप लोकप्रिय नेता हैं तो गणतंत्र दिवस पर बिना सुरक्षा के दिल्ली आएं। एसएफजे खालिस्तानी झंडा फहराएगा और शहीद निज्जर की हत्या का बदला लेगा।’

पन्नू ने सीएम भगवंत मान को पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह करार दिया और कार्यकारी डीजीपी गौरव यादव को पूर्व डीजीपी गोबिंद राम बताया। पन्नू ने कहा है कि भगवंत मान जहां भी तिरंगा फहराएंगे वहां पर माहौल खराब किया जाएगा। पन्नू ने ऐसा कर मान को सजा देने की बात कहीं है। बता दें, मुख्यमंत्री मान के पास जेड प्लस सुरक्षा है।

एक वीडियो क्लिप जिसमें मान कहते हैं कि उनकी सरकार गैंगस्टरों को नहीं बख्शेगी। उस वीडियो को पन्नू के वीडियो में भी शामिल किया गया है। जिसमें अलगाववादी ने कहा कि पंजाब के युवाओं को गैंगस्टर करार दिया जा रहा है और फर्जी मुठभेड़ों में मारा जा रहा है। पन्नू ने युवाओं से उनसे संपर्क करने और 26 जनवरी को खालिस्तान पर जनमत संग्रह के लिए मतदाता के रूप में खुद को पंजीकृत करने के लिए कहा।

हाल ही में पन्नू ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर वीडियो जारी कर मुस्लिम समुदाय को भड़काने की कोशिश की थी। पन्नू ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी को मुस्लिमों को दुश्मन बताया था।

पन्नू ने कहा कि राम मंदिर बाबरी मस्जिद को गिरा कर बनाया गया है। ये बाबरी मंदिर का ध्वंस नहीं बल्कि दो करोड़ मुस्लिमों का धर्म परिवर्तन है। 22 जनवरी को मुस्लिम समुदाय का ब्लू स्टार ऑपरेशन है। मुसलमानों को भारत छोड़ उर्दिस्तान की मांग रखने को कहा। आतंकी पन्नू ने अमृतसर से अयोध्या तक सभी एयरपोर्ट बंद करवाने की धमकी दी थी। इससे पहले भी पन्नू इस तरह की धमकियां दे चुका है। बीते साल पन्नू के अमेरिका में मारे जाने की खबर सामने आई थी, लेकिन बाद में वीडियो जारी कर पन्नू ने कहा था कि वह बिल्कुल ठीक है।

इससे पहले पन्नू ने पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और पूर्व जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा को भी धमकी दी थी। अमरिंदर सिंह की मांग के बाद केंद्र सरकार ने 2019 में एसएफजे पर प्रतिबंध लगा दिया था।