Kerala Govt Hospital: केरल से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के एक सरकारी अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में 10 कोबरा सांप के बच्चे पाए गए। कोबरा सांप के बच्चों को रेंगते हुए देखकर वहां मौजूद मरीजों और तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में मौजूद लोग तुरंत बाहर आ गए। मरीजों के साथ आए तीमारदारों ने इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन को दी। सूचना मिलने का बाद अस्पताल प्रभारी ने सर्जिकल वार्ड को बंद कर दिया है। यह पूरा घटनाक्रम मलप्पुरम जिले के पेरिंथलमन्ना सरकारी जिला अस्पताल का है।
तीन दिन पहले भी यहां कोबरा के बच्चे मिले थे। कोबरा सांप के बच्चे मिलने के बाद वार्ड के आठ मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। बता दें, सर्जिकल वार्ड जिस तरफ है, उधर काफी तादाद में झाड़ियां हैं। साथ ही फर्श की टाइलें भी टूटी हैं। माना जाता है कि झाड़ियों से ही सांप सर्जिकल वार्ड में रेंगते हुए आ जाते हैं।
कन्नूर में सांप के डसने से हुए थी एक महिला की मौत
इसी से मिलता-जुलता एक मामला कुछ दिन पहले कन्नूर जिले से सामने आया था। यहां के सरकारी अस्पताल में एक 55 साल की महिला वार्ड के फर्श पर सो रही थी। इसी दौरान उसको सांप ने डस लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। तालिपाड़ाम्बा तालुक अस्पताल में हुई इस घटना में मृत महिला अपनी गर्भवती बेटी की डिलीवरी कराने के लिए आई थी। रात में जब महिला अपनी बेटी के वार्ड के पास सो रही थी। उसी दौरान सर्प ने उसको डस लिया था। महिला की चीख सुनकर उसकी बेटी जाग गई। इस दौरान उसने सांप को वहां से जाते हुए देखा। उसने तुरंत अस्पताल प्रशासन को घटना की सूचना दी, लेकिन जब तक महिला का उपचार किया जाता, उससे पहले ही उसकी मौत हो चुकी है।
रायगढ़ में पिछले 17 महीनों में सांप ने 1,118 लोगों डसा
वहीं महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में पिछले 17 महीनों में सांप के डसने के1,118 मामले सामने आए हैं। जिसमें 14 लोगों की मौत हो चुकी है। 12 जून को अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी थी। इस दौरान सिविल अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा था कि सांप के काटने की घटनाओं में वृद्धि के मद्देनजर लोगों को सलाह दी गई है कि वे झोलाछाप डॉक्टरों से परामर्श करने या पारंपरिक उपचारों का उपयोग करने के बजाय तत्काल नजदीकी अस्पताल में इलाज कराएं।