केरल में राजनीतिक हिंसा की घटनाओं में आई तेजी के बीच मंगलवार को युवा कांग्रेस के एक कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई। यह घटना अलपुझा के एवूर में हुई। इसके लिए डीवाईएफआई के कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर जिम्मेदार माना जा रहा है। उधर तिरूवनंतपुरम जिले में भाजपा और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष में कम से कम 30 लोगों के घायल होने की खबर है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सुनील कुमार को देर रात दो बजे कथित तौर पर माकपा की युवा शाखा डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन आफ इंडिया (डीवाईएफआई) के आठ कार्यकर्ताओं ने नींद से जगाया। जैसे ही उसने घर से बाहर भागने की कोशिश की उसपर हमला किया गया। पुलिस ने बताया कि कुमार के हाथों और पांवों में गंभीर जख्म आए और बाद में उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि कुमार भी पहले इसी संगठन का सदस्य था। पुलिस ने बताया कि डीवाईएफआई के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है और शेष चार की तलाश की जा रही है।

इसी तरह सोमवार रात भारतीय जनता पार्टी और माकपा के कार्यकर्ताओं के बीच तिरूवनंतपुरम के कत्तईकोणम में संघर्ष हुआ जिसमें कम से कम 30 लोग घायल हुए। उनमें से एक की हालत गंभीर है। पथराव और संघर्ष की इस घटना में घायल हुए लोगो में भाजपा के राज्य के पूर्व अध्यक्ष वी मुरलीधरन शामिल हैं। भाजपा ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिले में आज हड़ताल का आयोजन किया। माकपा ने भी मंगलवार को कत्तईकोणम में हड़ताल का आह्वान किया है।