अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले गोवा में अपनी पकड़ मजबूत बनाने के लिए यहां की यात्रा पर आए दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को दो राष्ट्रीय पार्टियों कांग्रेस और भाजपा के बीच एक-दूसरे पर कार्रवाई नहीं करने को लेकर अलिखित समझौता होने का आरोप लगाया और उनकी आलोचना की। यहां आप कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा- मुझे लगता है कि दोनों पार्टियों में पति-पत्नी जैसा रिश्ता है। मिस्टर एंड मिसेज भाजपा-कांग्रेस। वे घर में लड़ने वाले पति और पत्नी जैसे हैं। दोनों एक-दूसरे के राज जानते हैं। उन्होंने अगले साल गोवा विधानसभा के लिए होने वाले चुनाव के लिए आप के अभियान की रविवार को यहां शुरुआत की।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा कांग्रेस के राज जानती है और कांग्रेस भाजपा के। किसी ने मुझे बताया कि गोवा में (रक्षा मंत्री) मनोहर पर्रीकर के पास कांग्रेस नेताओं की कई फाइलें थीं। लेकिन उन्होंने उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की। वह इन फाइलों के जरिए कांग्रेस को धमका रहे होंगे। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच अच्छे रिश्ते हैं और वे जनता को मूर्ख बना रहे हैं। दोनों दलों ने साथ मिलकर लोगों को लूटा। दोनों दल माफिया हैं और माफिया राज चला रहे हैं। केजरीवाल ने भाजपा और कांग्रेस के बीच देश में पांच-पांच साल तक सरकार चलाने का अलिखित समझौता होने का भी आरोप लगाया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि टिकट पाने के लिए आप से जुड़ने की कोशिश करने वालों के लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं है। अगर कोई टिकट पाने के मकसद से पार्टी में शामिल हुआ है तो उन्हें पार्टी छोड़ देनी चाहिए क्योंकि उनकी हालत यहां खराब होने वाली है। आप का टिकट मिलना एक जिम्मेदारी मिलने जैसा है। पार्टी में हर किसी को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। टिकट एक अन्य जिम्मेदारी है। राज्य में चुनाव योजना के बारे में केजरीवाल ने कहा कि यहां उनकी पार्टी जीतती है तो एक गोवावासी को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। उन्होंने गोवा के लोगों से अपनी पुरानी राजनीतिक निष्ठाओं को खत्म करने और इस बार राज्य की खातिर आप को वोट देने की अपील की।