Citizenship Amendment Act Protests: नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देश के अलग-अलग राज्यों में जमकर प्रदर्शन हो रहे हैं। इस बीच अब कर्नाटक के मंत्री सी.टी. रवि ने इस कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे अल्पसंख्यकों को लेकर विवादित बयान दिया है। सी.टी. रवि ने बीते गुरुवार (19-12-2019) को कहा है कि ‘अगर बहुसंख्यकों ने अपना धैर्य खो दिया तो गोधरा की तरह दंगे दोबारा हो सकते हैं।’

कर्नाटक के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सी.टी. रवि का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वो मीडिया से कह रहे हैं कि ‘अगर आप यह भूल गए हैं कि जब बहुसंख्यक अपना धैर्य खो देते हैं तो क्या होता है…तो आप जरा पीछे मुड़ कर देखिए और याद करिए की गोधरा के बाद क्या हुआ…बहुसंख्यक इसे दोहराने के काबिल अभी भी हैं…हमारी धैर्य की परीक्षा ना लें।’

CAA के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन से नाराज कर्नाटक के पर्यटन मंत्री ने कहा कि ‘हमलोग देख रहे हैं कि आप किस तरह सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं और राज्य में आग लगा रहे हैं। हमारा धैर्य हमारी कमजोरी नहीं है।’ सी.टी. रवि के इस बयान के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गांधीनगर से विधायक दिनेश गुंडू राव ने कहा कि कर्नाटक के पर्यटन मंत्री ने उकसाने वाली धमकी दी है। उन्होंने कहा कि ‘एक संवैधानिक पद पर होते हुए उन्हें ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए…पुलिस को तुरंत उनके खिलाफ केस दर्ज करना चाहिए।’

आपको बता दें कि मंगलोर में बीते सोमवार को CAA के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिंसा इतनी बढ़ गई थी कि पुलिस को गोली चलानी पड़ी थी। इस हिंसा में 2 लोगों की मौत भी हो गई थी। हालात को देखते हुए यहां इंटरनेट सेवाएं 21 दिसंबर रात 10 बजे तक बंद कर दी गई हैं।