आज कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए जारी चुनाव प्रचार थम गया है। आज चुनाव प्रचार थमने से पहले की गई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दावा किया है कि आगामी 12 मई को होने वाले विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी 130 सीटें जीतेगी और बीएस येदियुरेप्पा राज्य के नए मुख्यमंत्री बनेंगे। बेंगलुरु में आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस की मौजूदा सिद्धारमैय्या सरकार पर हमला बोलते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सिद्धारमैय्या सरकार राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम रही। अमित शाह ने कहा कि कर्नाटक में कानून व्यवस्था में गिरावट देखने को मिली है। 24 से ज्यादा भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ताओं की निर्ममता से हत्या कर दी गई और कांग्रेस इसे राजनीति का हिस्सा मानती है। आरोपियों को पकड़ने की कोई कोशिश नहीं की गई।
इसके साथ ही अमित शाह ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया। अमित शाह ने कहा कि ये लोग अपनी असफलता के मुद्दे पर जवाब देने के लिए भी तैयार नहीं हैं! हाल ही में बेंगलुरु के एक अपार्टमेंट से करीब 10,000 वोटर आईडी कार्ड मिलने के मुद्दे पर शाह ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस अलोकतांत्रिक तरीके से चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है। राजराजेश्वरी नगर में एक अपार्टमेंट से मिले वोटर आईडी कार्ड से पता चलता है कि कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए कितनी उतावली है। अमित शाह ने कहा कि मैं उन लोगों को सावधान करना चाहता हूं, जिनकी फर्जी वोटर आईडी कार्ड बनवाए गए हैं, वो लोग कांग्रेस के जाल में ना फंसे और चुनावों को बिगाड़ने की कोशिश ना करें।
इससे पहले अमित शाह ने बादामी विधानसभा सीट पर अपनी ताकत दिखाते हुए एक रोड शो का आयोजन किया। इस रोडशो के दौरान बड़ी भीड़ देखी गई। बता दें कि बादामी विधानसभा सीट से सिद्धारमैय्या खुद चुनाव मैदान में हैं। अमित शाह के रोड शो के दौरान सड़के भगवा रंग में रंगी दिखाई दीं। बादामी के अलावा सिद्धारमैय्या चामुंडेश्वरी विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं। बता दें कि कर्नाटक की 224 में से 223 विधानसभा सीटों के लिए 12 मई को वोट डाले जाएंगे। एक विधानसभा सीट जयानगर के चुनाव भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार की मौत के कारण टाल दिए गए हैं। 12 मई को चुनावों के बाद 15 मई को कर्नाटक विधानसभा के नतीजों का ऐलान कर दिया जाएगा।