मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने 34 सदस्‍यों वाली एक समिति का गठन किया है। इसमें पार्टी के कद्दावर नेता कांतिलाल भूरिया को चुनाव अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष गोविंद सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस 15 अगस्त से पूर्व कई समितियों का भी गठन कर सकती है।

कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लिए चुनाव अभियान समिति के गठन को अपनी ओर से स्वीकृति दे दी है। इस समिति में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के अलावा 30 से अधिक वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं।

इसमें विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी और राज्य सभा सांसद विवेक तन्खा के नाम शामिल किए गए हैं। साथ ही कमलनाथ की सरकार में रहे पूर्व मंत्रियों को भी जगह दी गई है। इसमें जीतू पटवारी, बाला बच्चन और तरुण भनोट को भी जगह मिली है। इसके अतिरिक्‍त पार्टी के सभी आनुषांगिक संगठनों के अध्यक्षों और एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक मोर्चे के प्रमुखों को भी चुनाव अभियान समिति का सदस्य नियुक्‍त किया गया है।

इससे एक दिन पहले ही कांग्रेस ने महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। कांग्रेस पार्टी ने इन समितियों में क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान रखते हुए अपने वरिष्ठ नेताओं को स्थान देने की कोशिश कर रही है। सहयोगी संगठनों के प्रदेश अध्यक्षों को भी इनमें शामिल किया जाएगा।