कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा उत्तर प्रदेश के जिलों से होकर गुजर रही है। वाराणसी, अमेठी होते हुए यात्रा अब कानपुर पहुंच रही है। कानपुर शहर कांग्रेस ने यात्रा का स्वागत कुछ अलग ढंग से किया है। शहर में एक पोस्टर लगाया गया है, जिसमें राहुल गांधी को श्री कृष्ण और उत्तर प्रदेश कांग्रेस चीफ अजय राय को अर्जुन के तौर पर दिखाया गया है। पोस्टर पर श्रीमद्भागवत गीता का श्लोक- ‘यदा यदा हि धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत। अभ्युत्थानमधर्मस्य तदात्मानं सृजाम्यहम्’  लिखा है।

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का यह दूसरा दौर है। जिसे न्याय यात्रा का नाम भी दिया गया है। राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश में लगातार युवाओं से मिलकर अलग-अलग मुद्दों पर बात कर रहे हैं।

सपा के साथ नहीं बनी बात?

इंडिया गठबंधन के तहत लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस-सपा के बीच फिलहाल बात नहीं बन पाई है। खबर यह भी है कि दोनों दलों के बीच अब गठबंधन नहीं हो सकेगा और अखिलेश यादव भारत जोड़ो न्याय यात्रा में भाग भी नहीं लेंगे। ऐसा माना जा रहा है कि सपा कांग्रेस को प्रदेश में 17 सीट देने के लिए तैयार है लेकिन कांग्रेस 20 सीटों की मांग कर रही है।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने यह जानकारी साझा की है कि 26 फरवरी से 1 मार्च तक यात्रा से ब्रेक लिया गया है। जयराम रमेश ने लिखा, “26 फरवरी से 1 मार्च तक ब्रेक रहेगा क्योंकि दिल्ली में चुनाव को लेकर कई अहम बैठकें हैं और राहुल गांधी का वहां मौजूद रहना जरूरी है। 27-28 फरवरी को राहुल गांधी कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी जाएंगे, वहां वह दो व्याख्यान देंगे। इसके बाद हम 2 मार्च से यात्रा फिर से शुरू करेंगे और 5 मार्च को राहुल गांधी महाकालेश्वर मंदिर जाएंगे।” आज यात्रा उत्तर प्रदेश के उन्नाव से शुरू हुई है और कानपुर पहुंचेगी।