कानपुर की बिठूर नगर पंचायत के एक कर्मचारी की पत्नी ने भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा और उनकी मां के खिलाफ अपने पति के उत्पीड़न का आरोप लगाया है। मामले में उन पर आरोप लगाते हुए पुलिस से इसकी शिकायत भी की है। बिठूर थाना अध्यक्ष कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने रविवार (19 जनवरी) को बताया कि शुक्रवार (17 जनवरी) को एक महिला ने थाने में दी शिकायत में आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि बिठूर सीट से भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा और बिठूर नगर पंचायत की अध्यक्ष उनकी मां निर्मला सिंह ने उसके पति को अपने घर बुलाकर अपने निजी खेतों में जबरन काम करने को कहा था।
भाजपा विधायक आरोपों को किया खारिजः महिला का कहना है कि उसका पति नगर पंचायत में कर्मचारी है। उसने जब खेतों में काम करने से मना किया तो उसकी तनख्वाह रोक दी गई और उसे तथा उसके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। हालांकि, भाजपा विधायक सांगा ने अपने खिलाफ लगे सारे आरोपों को गलत बताते हुए इसे एक साजिश करार दिया है।
Hindi News Live Hindi Samachar 20 January 2020: देश की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पुलिस पर महिला ने लगाया विधायक को बचाने का आरोपः मामले में थाना अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। इस सिलसिले में अब तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। उधर, आरोप लगाने वाली महिला का यह भी कहना है कि पुलिस भाजपा विधायक और उनकी मां को बचाने की कोशिश कर रही है।
विवादों में पहले भी घिर चुके हैं भाजपा विधायक: बता दें कि इससे पहले इसी साल अगस्त में कानपुर के बीजेपी विधायक का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह कथित तौर पर वन विभाग के दरोगा डीके बाजपेई को हड़काते हुए नजर आए थे। वीडियो में उन्होंने कहा था, ‘दरोगागिरी दो मिनट में …., टांगें तोड़ देंगे, अब नजर भी न आना…।’ उनके इस वीडियो को लेकर उनकी काफी आलोचना भी हुई थी।

