कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया दोपहर दो बजकर चालीस मिनट पर भाजपा मुख्यालय पहुंचे। इसके तुरंत बाद वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ गंभीर मुद्रा में संवाददाता सम्मेलन कक्ष में पहुंचे जहां तिल रखने की भी जगह नहीं थी। सिंधिया और नड्डा मंच पर चढ़े और नड्डा ने अपनी कुर्सी खींचने के बाद सिंधिया को बैठने का इशारा किया। इसके बाद दोनों बैठ गए।
कुर्सी पर बैठने के बाद सफेद कुर्ते पजामे और काली जैकेट पहने सिंधिया को कागज और पेन दिया गया जिस पर उन्होंने कुछ लिखा और फिर पानी के गिलास से एक घूंट पानी पीया। इस दौरान वे खुद को सहज दिखने की कोशिश में लगे हुए थे। एक पत्रकार ने जब उनका अभिवादन किया जो उन्होंने मुस्कुराकर उनका जवाब दिया। नड्डा ने सिंधिया को सदस्यता दिलाने के लिए सबसे पहले सदस्यता की एक पर्ची दी। फिर सिंधिया को एक फूलों का गुलदस्ता भेंट किया। सबसे बाद में नड्डा ने सिंधिया को पार्टी का पटका पहनाया और उसके बाद मध्य प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उन्हें पटका पहनाया। इसके बाद नड्डा ने अपना संबोधन शुरू किया और इस दौरान सिंधिया कागज पर कुछ लिखते रहे।
नड्डा ने अपने संबोधन की समाप्ति पर सिंधिया से कहा कि आप अपनी बात उन्मुक्त वातावरण और उन्मुक्त तरीके से रखिए। इस बात पर पूरे कक्ष में हंसी की आवाज गूंज गई। अपनी बात खत्म करने के बाद सिंधिया मुस्कुराते हुए नड्डा के साथ कक्ष से निकल गए।
इससे पहले भाजपा मुख्यालय का संवाददाता सम्मेलन कक्ष दोपहर साढ़े बारह बजे तक पूरी तरह से भर चुका था। सिंधिया के भाजपा में शामिल होने की अटकलें तो मंगलवार से ही लग रही थीं लेकिन बुधवार को जब संवाददाताओं को भाजपा मुख्यालय बुलाया गया तो इस बात की पुष्टि हो गई थी कि सिंधिया दिल्ली में ही भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। संवाददाताओं को दोपहर साढ़े बारह बजे का समय दिया गया था लेकिन सिंधिया को लेकर जेपी नड्डा दो बजकर चालीस मिनट के बाद ही पहुंचे।
सूत्रों के मुताबिक मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के दिल्ली पहुंचने में देरी और नड्डा को संसद में कुछ काम होने की वजह से यह देरी हुई। सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह के भी पहुंचने की अटकलें थीं। बीच में कुछ सुरक्षाकर्मियों ने मंच की जांच भी की। दरवाजों पर दिल्ली पुलिस के जवान भी तैनात हो गए। लेकिन शाह कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। इस दौरान मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा और सिंधिया के अलावा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजंयत जय पांडा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉक्टर विनय सहस्रबुद्धे, राष्ट्रीय महामंत्री डॉक्टर अनिल जैन, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीडी शर्मा और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम मौजूद थे।
गांधी परिवार पर नहीं की कोई टिप्पणी
ज्योतिरादित्य ने भाजपा का दामन थामने के बाद कांग्रेस की तो कई कमियां गिनवाईं लेकिन उन्होंने गांधी परिवार के किसी सदस्य पर कोई टिप्पणी नहीं की।
उन्होंने गांधी परिवार के किसी सदस्य का नाम तक अपने संबोधन में नहीं लिया।
