देश के वर्तमान सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ 10 नवंबर 2024 को अपने पद से सेवानिवर्त होने वाले हैं। जिससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जस्टिस संजीव खन्ना को भारत का अगला मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है। यह नियुक्ति 11 नवंबर से प्रभावी होगी। कुछ दिन पहले ही वर्तमान CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने केंद्रीय विधि मंत्रालय को पत्र लिखकर उन्हें अपना उत्तराधिकारी नॉमिनेट किया था।
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में इसकी घोषणा करते हुए कहा, “भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त शक्ति का प्रयोग करते हुए माननीय राष्ट्रपति ने भारत के माननीय मुख्य न्यायाधीश के परामर्श के बाद, भारत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश जस्टिस संजीव खन्ना को 11 नवंबर, 2024 से भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया।
रिटायरमेंट के बाद कुछ दिन आराम करेंगे डीवाई चंद्रचूड़
देश के 50वें सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ नवंबर में सेवानिवृत्त हो रहे हैं। रिटायरमेंट के बाद की योजनाओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह पहले कुछ दिन आराम करेंगे। सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ ने 9 नवंबर, 2022 को चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया का पदभार संभाला था और 10 नवंबर 2024 को वह इस पद से रिटायर होंगे।
‘मेरा मन भविष्य की आशंकाओं से ग्रस्त है…’, रिटायरमेंट से पहले क्यों परेशान हुए CJI डीवाई चंद्रचूड़?
इससे पहले भूटान में एक कार्यक्रम के दौरान सीजेआई चंद्रचूड़ ने रिटायरमेंट के सवाल पर कहा था, “मैं दो साल तक देश की सेवा करने के बाद इस साल नवंबर में भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पद छोड़ दूंगा। चूंकि मेरा कार्यकाल समाप्त हो रहा है इसलिए मेरा मन भविष्य और अतीत के बारे में आशंकाओं और चिंताओं से ग्रस्त है। मैं खुद को ऐसे सवालों पर विचार करते हुए पाता हूं, क्या मैंने वह सब हासिल किया जो मैंने करने का लक्ष्य रखा था? इतिहास मेरे कार्यकाल का कैसे आकलन करेगा? क्या मैं चीजों को अलग तरीके से कर सकता था? मैं न्यायाधीशों और कानूनी पेशेवरों की भावी पीढ़ियों के लिए क्या विरासत छोड़ूंगा?”
हालांकि, मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि इनमें से अधिकांश प्रश्नों के उत्तर उनके नियंत्रण से बाहर हैं और उनकी संतुष्टि इस बात में है कि उन्होंने अत्यंत समर्पण के साथ अपने देश की सेवा की।
कौन हैं जस्टिस संजीव खन्ना?
जस्टिस संजीव खन्ना की बात करें तो वे दिल्ली हाईकोर्ट में 14 साल तक जज रहे हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के कैंपस लॉ सेंटर से कानून की पढ़ाई की। ग्रेजुएशन के बाद, उन्होंने 1983 में दिल्ली बार काउंसिल में एक वकील के रूप में रजिस्ट्रेशन कराया था। उन्हें 2019 में सुप्रीम कोर्ट में प्रमोट किया गया था। 64 साल के जस्टिस संजीव खन्ना का सीजेआई के तौर पर कार्यकाल करीब 6 महीने का ही है। जस्टिस खन्ना 13 मई 2025 को रिटायर हो जाएंगे। वे सुप्रीम कोर्ट के जज के तौर पर 65 फैसले सुना चुके हैं। अपने इस कार्यकाल के दौरान उन्होंने 275 बेंचों का हिस्सा रहे हैं।