Diwali 2022: गुजरात-हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की व्यस्ततम तैयारियों के बीच दीपावली पर्व कई राजनेताओं के लिए छुट्टी की तरह होगी। इस मौके पर कई नेता या तो परिवार के साथ होंगे या फिर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ दिवाली मनाएंगे। इसमें गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का भी नाम शामिल है। परिवार के साथ इस पर्व को मनाने में नितिन गडकरी का अंदाज सबसे अलग है, वहीं अमित शाह इस बार पार्टी के कामों व्यस्त रहेंगे।

नितिन गडकरी:

बता दें कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी इस मौके पर मिट्टी के किले बनाने की पारिवारिक परंपरा को निभाते हैं। वो इसे बनाने में अपने पोते-पोतियों की मदद करेंगे। हालांकि मिट्टी का घर बनाने की परंपरा अब महाराष्ट्र में धीरे-धीरे गायब होती दिख रही है। दीपावली पर्व पर गडकरी और उनकी पत्नी अपने छह पोते-पोतियों की खरीददारी के अलावा सोमवार(24 अक्टूबर) को लक्ष्मी पूजा करेंगे।

वहीं भाई दूज के दिन गडकरी अपने घर पर अपनी चचेरी बहनों के साथ त्योहार मनाएंगे। बता दें कि अपनी आधिकारिक ऑस्ट्रेलिया की यात्रा से लौटे गडकरी दिवाली के मौके पर नागपुर में अपने परिवार के साथ होंगे।

अमित शाह:

गुजरात में भाजपा की वापसी को लेकर अमित शाह पूरी तरह से अपनी रणनीति को सफल बनाने में कमर कस चुके हैं। ऐसे में चुनावी सरगर्मी के बीच अमित शाह शुक्रवार(21 अक्टूबर) को गुजरात पहुंचे। गुजरात में शाह छह दिनों तक रहेंगे। इस दौरान वो बूथ स्तर, जिला और राज्य स्तरीय भाजपा नेताओं से मुलाकात करेंगे।

वहीं चुनाव तैयारियों के बीच उनके सहयोगियों ने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि अमित शाह ने दिवाली पूजा और अन्य अनुष्ठानों को अपने परिवार पर छोड़ दिया है। इस बीच वे पार्टी के काम में पूरी तरह से व्यस्त रहेंगे।

जेपी नड्डा:

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा राष्ट्रीय ने पिछली बार दीपावली पर्व दिल्ली में अपने आधिकारिक आवास पर अपने परिवार के साथ मनाया था। वहीं इस बार वो हिमाचल प्रदेश के अपने गृह जिले बिलासपुर में दिवाली मनाएंगे। जेपी नड्डा इस बार अपने पुराने दोस्तों और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ दिवाली मनाएंगे। बता दें कि नड्डा सोमवार को बिलासपुर धाम यात्रा पर दीपावली मिलन समारोह में शामिल होंगे।

निर्मला सीतारमण:

आम तौर पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण दिवाली अपने परिवार के साथ दिल्ली में मनाती हैं। सीतारमण भगवान वेंकटेश्वर स्वामी की भक्त हैं और वो हाल ही में अपने परिवार के सदस्यों के साथ आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर की यात्रा से लौटी हैं। इस साल, उनके मामा और उनकी पत्नी, जो उनके साथ तिरुपति भी गए थे, दिवाली के दिन उनके साथ शामिल हो सकते हैं। द इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि सीतारमण दिवाली पर अपने करीबी व परिवार की मौजूदगी में पूजा और अन्य अनुष्ठान करती हैं।