भारतीय जनता पार्टी ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में जिन नेताओं को टिकट नहीं दिया उन्हें साधने के प्रयास के तहत सोमवार को उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया। पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक पूर्व मंत्री सत शर्मा को कार्यकारी अध्यक्ष, पूर्व उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह को चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष और पूर्व मंत्री सुख नंदन को उपाध्यक्ष जबकि पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता को चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

भाजपा ने इस बार के विधानसभा चुनाव में सत शर्मा को टिकट नहीं दिया है। वह 2014 में जम्मू पश्चिम विधानसभा सीट से जीते थे। पार्टी ने उनके स्थान पर अरविंद गुप्ता को जम्मू पश्चिम सीट से उम्मीदवार बनाया है। जम्मू जिले की बाहु सीट से कविंदर गुप्ता के स्थान पर पूर्व विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विक्रम रंधावा को उम्मीदवार बनाया गया है। गुप्ता 2014 के चुनाव में गांधीनगर से निर्वाचित हुए थे। इसका नाम बदलकर बाहु विधानसभा क्षेत्र कर दिया गया है।

जम्मू-कश्मीर में भाजपा-पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) सरकार में भाजपा के पहले उपमुख्यमंत्री रहे निर्मल सिंह को भी इस बार पार्टी ने टिकट नहीं दिया है। वे 2014 के विधानसभा चुनाव में कठुआ जिले की बिलावर सीट से चुने गए थे। इस बार उनकी जगह पार्टी ने सतीश शर्मा को चुनावी मैदान में उतारा है।

जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव तीन चरणों में होने हैं, जिसमें पहले चरण के लिए मतदान 18 सितंबर को, दूसरे चरण के लिए 25 सितंबर को और तीसरे चरण के लिए 1 अक्टूबर को मतदान होगा। वहीं, मतों की गिनती 8 अक्टूबर 2024 को होगी। भाजपा ने तीसरे चरण के चुनाव के लिए छठी सूची जारी करने के साथ ही अब तक 62 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है, जिनमें कश्मीर घाटी के 20 उम्मीदवार शामिल हैं, जहां भाजपा विधानसभा चुनाव में अभी तक अपना खाता नहीं खोल पाई है।

भाजपा का संकल्प पत्र

इससे पहले शुक्रवार को भाजपा ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव को लेकर अपना संकल्प पत्र जारी किया था। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पार्टी का संकल्प पत्र जारी किया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि आजादी के समय से हमारी पार्टी के लिए जम्मू कश्मीर का भूभाग महत्वपूर्ण रहा है. हमने इसे जोड़े रखने के लिए अनेक प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि आर्टिकल 370 इतिहास बन चुका है, ये कभी लौटकर नहीं आ सकता।

(इनपुट भाषा)