फर्जी डिग्री मामले में गिरफ्तारी होने पर जितेंद्र सिंह तोमर द्वारा कानून मंत्री के पद से इस्तीफे देने के एक दिन बाद आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आप सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया एवं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी सी चाको की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग करते हुए दिल्ली सचिवालय की ओर कूच किया।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए माकन ने केजरीवाल पर सत्ता के मद में चूर रहने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘फर्जी डिग्री रखने वाले कानून मंत्री ने सरकार के सरकारी अभियोजकों और स्थायी वकील नियुक्त किए। हम मानते हैं कि यह पूरी प्रक्रिया अवैध है और उसके लिए अकेले केजरीवाल जिम्मेदार हैं। ’’

उन्होंने केजरीवाल के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा, ‘‘उनके अपने पार्टी के ही लोग बार बार कह रहे थे कि उनकी (तोमर की) डिग्री फर्जी है लेकिन केजरीवाल ने उनकी नहीं सुनी। यदि इसके लिए कोई जिम्मेदार है तो वह केजरीवाल हैं। ’’

माकन ने कहा, ‘‘आप लोकपाल का वादा कर सत्ता में आयी थी जो कहीं भी नजर नहीं आ रहा है। आप में तोमर जैसे कई हैं। केजरीवाल अपने भ्रष्ट विधायकों को बचाने के लिए ऐसा नहीं कर रहे हैं।’’

कांग्रेस ने 15 दिनों के अंदर लोकायुक्त नियुक्त करने की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘आठ आप विधायक अदालती मामलों का सामना कर रहे है। एक मंत्री झूठे और फर्जीवाड़े में पकडेÞ गए है। क्यों न सभी 67 विधायकों की जांच हो।’’