प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को झारखंड में एक रैली के दौरान असम के लोगों को शुक्रिया कहा और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंंने  आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने नागरिकता संशोधन कानून पर बवाल खड़ा कर दिया है और देश के विभिन्न हिस्सों में अशांति तथा आगजनी के पीछे विपक्षी पार्टियों का ही हाथ है। मोदी ने एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए झारखंड में विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास झारखंड को विकसित करने का कोई रोडमैप या इच्छा नहीं है।

पीएम मोदी ने कहा कि , ”मैं असम के भाइयों-बहनों का सर झूकाकर अभिनंदन करता हूं कि इन्होंने हिंसा करने वालों को अपने से अलग कर दिया है। शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात बता रहे हैं। देश का मान-सम्मान बढ़े ऐसा व्यवहार असम, नार्थ ईस्ट कर रहा है।”

उन्होंने कांग्रेस और सहयोगी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि,”देश का भला करने की, देश के लोगों का भला करने की इन लोगों से उम्मीद नहीं बची है। ये सिर्फ और सिर्फ अपने परिवार के बारे में सोचते हैं। कांग्रेस और उसके साथी तूफान खड़ा कर रहे हैं, उनकी बात चलती नहीं है तो आगजनी फैला रहे हैं। ये जो आग लगा रहे हैं, ये कौन है उनके कपड़ों से ही पता चल जाता है।”

उन्होंने कहा कि, “कांग्रेस के कृत्य साबित करते हैं कि संसद में लिए गए सभी निर्णय सही हैं।’’ मोदी ने दावा किया कि विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने केवल अपने लिए महलों का निर्माण किया और उन्हें लोगों की समस्याओं के बारे में कोई चिंता नहीं थी। केन्द्र और राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारों की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मैं राज्य में हमारी पार्टी द्वारा किये गये विकास कार्यों का लेखा-जोखा रखने यहां आया हूं।’’

(भाषा इनपुट्स के साथ)