झारखंड में बड़ा उलटफेर हो सकता है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और जेएमएम के वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को झटका दे सकते हैं। चंपई सोरेन जेएमएम के 6 विधायकों के साथ भाजपा में शामिल हो सकते हैं। चंपई सोरेन कोलकाता से दिल्ली रवाना हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जेएमएम नेतृत्व कुछ विधायकों से संपर्क करना चाह रहा था लेकिन नहीं हो पाया। जेएमएम विधायक दशरथ गागरई, चमरा लिंडा, रामदास सोरेन, लोबिन हेंब्रम, समीर मोहंती से पार्टी नेतृत्व का संपर्क टूट गया है।
शुभेंदु अधिकारी से कर चुके हैं मुलाकात
चंपई सोरेन ने शनिवार को कोलकाता में बीजेपी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि चंपई सोरेन झारखंड बीजेपी प्रभारी शिवराज सिंह चौहान के संपर्क में हैं और वह आज ही बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।
इससे पहले शनिवार को पत्रकारों ने भी चंपई सोरेन से बीजेपी में शामिल होने को लेकर सवाल पूछा था। इसके जवाब में चंपई सोरेन ने कहा था कि आप लोग ऐसा सवाल क्यों कर रहे हैं? हम इसपर क्या बोले? हम तो आपके सामने हैं। हालांकि उन्होंने भाजपा में शामिल होने की अटकलों को सिरे से खारिज नहीं किया था।
7 बार के विधायक हैं चंपई
चंपई सोरेन सात बार के विधायक हैं। 2005 से लगातार वह सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने जा रहे हैं। 1991 में वह पहली बार सरायकेला से ही विधायक बने थे और 2019 में चंपई सोरेन को हेमंत सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। चंपई सोरेन हेमंत सरकार के सबसे ताकतवर मंत्री माने जाते हैं। उनके पास परिवहन, अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण का विभाग था।
चंपई सोरेन फरवरी 2024 में झारखंड के मुख्यमंत्री बने थे। हेमंत सोरेन के गिरफ्तार होने के बाद पार्टी ने उन्हें राज्य की कमान सौंपी थी। लेकिन जब हेमंत सोरेन बाहर आए तो जुलाई महीने में चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा और हेमंत सोरेन ने फिर से सीएम पद संभाला। इसके बाद से ही खबरे आने लगी कि चंपई सोरेन हेमंत सोरेन से नाराज चल रहे हैं।