झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को हाल ही में एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर मिली। वर्षों से बिछड़ी उनकी बहन राजस्थान के भरतपुर स्थित ‘अपना घर आश्रम’ में रह रही हैं। खुद आश्रम वालों को भी इसकी जानकारी नहीं थी। काफी समय बाद आश्रम में बहन ने खुद ही अपने बारे में खुलासा किया। इस पर आश्रम वालों ने पूर्व सीएम बाबू लाल मरांडी से संपर्क स्थापित कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद वह अपने परिवार के पास पहुंच सकीं। बहन का नाम मेसुनी देवी है। वह 2012 में अपने परिवार से बिछड़ गई थीं। जानकारी पर परिवारीजन मेसूनी देवी को आश्रम से घर ले गए।
आश्रम के संचालक डॉ. बीएम भरद्वाज और उनकी पत्नी डॉ. माधुरी भरद्वाज होम्योपैथी चिकित्सक हैं। करीब सात साल पहले कहीं से एक महिला भटकती हुई उनके आश्रम पहुंची। वह मानसिक अवसाद से ग्रस्त थी। डॉ. भरद्वाज ने उन्हें अपने यहां रखकर पूरा इलाज किया। इस दौरान वह बिल्कुल ठीक होकर सामान्य अवस्था में आ गईं।
हाल ही में उन्होंने डॉ. भरद्वाज को बताया कि उनका मेसुनी देवी है और वह झारखंड के पूर्व सीएम बाबू लाल मरांडी की बहन हैं। इस पर डॉ. भरद्वाज ने इसकी सूचना पूर्व सीएम को दी। वर्षों बाद बहन के बारे में पता चलने पर पूर्व सीएम की खुशी थामी नहीं कर रही थी।
उन्होंने फोन पर डॉ. बीएम भरद्वाज से बात की और आश्रम परिवार की शुक्रिया अदा की। बहन की देखभाल करने और इलाज करने पर उन्होंने आभार जताया। उन्होंने वादा किया कि वह जल्द ही भरतपुर आएंगे और कोशिश करेंगे कि ऐसा ही आश्रम झारखंड में स्थापित करवाएंगे।
