Jharkhand Election Results 2024 News Updates: झारखंड में इंडिया गठबंधन को प्रचंड जीत मिली है। जेएमएम के नेतृत्व में झारखंड में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। राज्य के मुख्यमंत्री एक बार फिर से हेमंत सोरेन होंगे। 28 नवंबर को हेमंत सोरेन झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्होंने राज्यपाल संतोष गंगवार से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है।
Jharkhand, Maharashtra Election Results 2024
झारखंड में इंडिया गठबंधन को 56 सीटों पर जीत मिली है तो वहीं एनडीए गठबंधन को 24 सीटों पर जीत हासिल हुई है जबकि एक सीट झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के खाते में गई है। इंडिया गठबंधन में जेएमएम को 34, कांग्रेस का 16, आरजेडी को 4, सीपीआईएमएल को 2 सीटों पर जीत हासिल हुई है। तो वहीं एनडीए गठबंधन में बीजेपी को 21, लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास, जेडीयू और आजसू को एक- एक सीट पर जीत मिली है।
झारखंड विधानसभा चुनाव नतीजों पर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा, “मैं हेमंत सोरेन को उनकी जीत पर बधाई देता हूं। हमें उम्मीद है कि वे भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देंगे और आदिवासियों की घटती आबादी की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया जाएगा।”
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की एलजेपी (रामविलास) ने एकमात्र सीट जीतने के बाद झारखंड में 100% स्ट्राइक रेट का जश्न मनाया। एलजेपी ने चतरा सीट पर जनार्दन पासवान को मैदान में उतारा था, जिन्होंने आरजेडी की रश्मि प्रकाश के खिलाफ 18,401 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी।
हेमंत सोरेन झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वह अब तक तीन बार मुख्यमंत्री पद भी संभाल चुके हैं। यानी इस बार वह चौथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
झारखंड के लिए कांग्रेस पर्यवेक्षक और तेलंगाना के डिप्टी सीएम मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने कहा, ”गठबंधन सरकार बनेगी। अन्य सभी बातें पार्टी आलाकमान द्वारा तय किए जाएंगे।
बीजेपी नेता चंपाई सोरेन ने कहा, “जैसा कि हमने पहले भी कहा था, झारखंड में लगातार बढ़ रहे बांग्लादेशी घुसपैठ के खिलाफ हमारा आंदोलन कोई राजनैतिक या चुनावी मुद्दा नहीं, बल्कि एक सामाजिक अभियान है। हमारा स्पष्ट तौर पर मानना है कि वीरों की इस माटी पर घुसपैठियों को किसी भी प्रकार का संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। पाकुड़, साहिबगंज समेत कई जिलों में आदिवासी समाज आज अल्पसंख्यक हो चुका है।अगर हम लोग वहाँ के भूमिपुत्रों की जमीनों और वहाँ रहने वाली बहू-बेटियों की अस्मत की रक्षा ना कर सके, तो…? चुनावी गहमागहमी के बाद, वीर सिदो-कान्हू, चांद-भैरव एवं वीरांगना फूलो-झानो को नमन कर के, बहुत जल्द हम लोग संथाल परगना की वीर भूमि पर अपने अभियान का अगला चरण शुरू करेंगे। सरकारें आएंगी-जाएंगी, पार्टियां बनेंगी-बिगड़ेंगी मगर हमारा समाज रहना चाहिए, हमारी आदिवासियत बची रहनी चाहिए, अन्यथा कुछ नहीं बचेगा। इस वीर भूमि से फिर एक बार “उलगुलान” होगा।”
जेएमएम नेता मनोज पांडे ने कहा, “झारखंड की जनता ने ऐतिहासिक जनादेश दिया है, इसलिए कार्यकाल भी ऐतिहासिक होने वाला है। हमारे पास अपने एजेंडे और मुद्दे हैं, झारखंड के लोगों के गौरव से जुड़े मुद्दे हैं। हमें उम्मीद है कि केंद्र हमारे साथ सहयोग करेगा, लेकिन अगर यह तानाशाही सरकार हमारा फंड जारी करने से इनकार करती है तो हम उचित कार्रवाई करेंगे और झारखंड का फंड हासिल करेंगे।”
झारखंड में इंडिया गठबंधन को 56 सीटों पर जीत मिली है तो वहीं एनडीए गठबंधन को 24 सीटों पर जीत हासिल हुई है जबकि एक सीट झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के खाते में गई है।
जेएमएम के नेतृत्व में झारखंड में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। राज्य के मुख्यमंत्री एक बार फिर से हेमंत सोरेन होंगे। 28 नवंबर को हेमंत सोरेन झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
