झारखंड कैशकांड को लेकर चल रही एक टीवी डिबेट के दौरान विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों पर जवाब देते हुए राजनीतिक विश्लेषक संगीत रागी ने कहा कि राहुल गांधी पर भी ईडी का दबाव है, वो तो नहीं बिके। इसके बाद पैनलिस्ट ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

संगीत रागी ने कहा घपले और घोटाले के आधार पर झारखंड की सरकार गिरेगी। आज नहीं तो कल झारखंड की सरकार का जाना तय है। उन्होंने कहा कि बंगाल पुलिस को इन्हीं कांग्रेसियों में से किसी ने बताया होगा कि मेरे विधायकों की गाड़ी में लाखों का कैश है। उन्होंने कहा कि जब तक इंटेलिजेंस पुख्ता नहीं होगा, तब तक आप किसी कार को कैसे आइडेंटिटी फाई करेंगे कि इस गाड़ी में विधायक जा रहे हैं और उसमें लाखों का कैश है।

एंकर ने संगीत रागी से पूछा कि आप कह रहे हैं कि झारखंड कांग्रेस के ही कुछ लोगों ने बंगाल पुलिस को गाड़ी में कैश होने की सूचना दी होगी ऐसा आप कैसे कह सकते हैं। इसके जवाब में संगीत रागी ने कहा कि मनुष्य को अपनी असफलता से ज्यादा दूसरे की सफलता को लेकर पीड़ा होती है।

संगीत रागी ने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते हैं कि बीजेपी ऑपरेशन लोट्स चला रही है। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस के नेताओं से पूछना चाहता हूं कि आपके विधायक बिकने के लिए तैयार क्यों हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पर भी तो ईडी का दबाव है। वो तो नहीं बिक रहे।

रागी ने कहा कि कांग्रेस की नैतिकता और जमीर मर चुका है। कांग्रेस प्रवक्ता को चैलेंज देते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के विधायकों में तोड़फोड़ करके देख लीजिए। उन्होंने कहा कि शिवसेना के चालीस विधायक निकलकर दूसरा गुट बना लेते हैं। आपको क्या लगता है कि 40 विधायकों को क्या खरीदा जा सकता है। यह असंभव है।

वहीं वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष ने कहा कि संगीत रागी की बात से मैं सहमत हूं कि झारखंड में सरकार चलने वाली नहीं है। उन्होंने संगीत रागी से पूछा कि यह तो बता दीजिए कि वहां किसकी सरकार बनने वाली है। उन्होंने पूछा कि कर्नाटक, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में किसकी सरकार बनी और महाराष्ट्र में कौन उपमुख्यमंत्री बना। उन्होंने कहा कि सबूत तो इस बात का भी नहीं है कि अर्पिता मुखर्जी के यहां जो पैसे मिले वो पार्थ चटर्जी के हैं।

आशुतोष ने कहा कि इस देश में इस बात के भी सबूत हैं कि कर्नाटक के अंदर जब सरकार गिराई जा रही थी तो किसी पूर्व मुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री का ऑडियो टेप था। जिसमें वो पांच-दस करोड़ रुपए की बात कर रहे थे। क्या उसकी जांच आज तक हुई।