कांग्रेस ने भाजपानीत नरेंद्र मोदी सरकार पर आरोप लगाया है कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरु को मुस्लिम बताने की गलत कोशिश के मद्देनजर विकीपीडिया में उपलब्ध जानकारी से छेड़छाड़ की गई है।

कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सुरजेवाला ने कहा, “विकीपीडिया में नेहरु और उनके दादा को मुस्लिम बताया गया है। हेकिंग के जरिए जानकारी से छेड़छाड़ सरकारी आइपी एड्रेस (नेशनल इनफॉरमेटिक सेंटर) से किया गया है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को माफी मांगनी चाहिए।”

ज्ञात हो कि विकीपीडिया पर जवाहरलाल नेहरु की जानकारी को संपादित कर उन्हें और उनके दादा को मुस्लिम बताया गया था। 26 जून को मामला सामने आने के बाद काफी हंगामा हुआ जिसके तुरंत बाद ही जानकारी को सही कर दिया गया। जिस सिस्टम से जानकारी को बदला गया था उसका आइपी एड्रेस सरकारी संस्थान एनआइसी का था।