वर्ष 2014 के शुरूआती महीने में कांग्रेस और जदयू के विधायकों के साथ साथ एक निर्दलीय की मदद से, अल्पमत आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली विधानसभा में विश्वास मत जीतकर सरकार बनाई ,भारत ने आंग्ल-इतालवी कंपनी अगस्ता वेस्टलैंड से 3,600 करोड़ रूपए का वीवीआईपी हेलीकॉप्टर सौदा रद्द किया ,बांद्रा-देहरादून एक्सप्रेस के 3 डिब्बों में ठाणे जिले में आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई तथा प्रख्यात अभिनेत्री सुचित्रा सेन ने इस दुनिया को विदा कह दिया।
जनवरी माह में देश में हुए मुख्य घटनाक्रम इस प्रकार हैं :
नई दिल्ली (1 जनवरी) कड़ा रूख अपनाते हुए भारत ने आंग्ल-इतालवी कंपनी अगस्ता वेस्टलैंड से 3,600 करोड़ रूपए का वीवीआईपी हेलीकॉप्टर सौदा रद्द किया। एक साल पहले आरोप लगे थे कि इस सौदे में ठेका लेने के लिए करीब 360 करोड़ रूपए की रिश्वत दी गई थी।
नई दिल्ली (2 जनवरी) अल्पमत आम आदमी पार्टी की सरकार ने नई दिल्ली विधानसभा में कांग्रेस, जदयू और एक निर्दलीय विधायक की मदद से विश्वास मत जीता।
नई दिल्ली (4 जनवरी) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोकसभा चुनाव लड़ने से इंकार किया।
नई दिल्ली (6 जनवरी) ‘आप’ ने अपने नेता प्रशांत भूषण की उन टिप्पणियों को खारिज किया जिसमें उन्होंने जम्मू कश्मीर में सेना की तैनाती के बारे में जनमत संग्रह कराने को कहा था। टिप्पणी से विवाद भी उठा।
श्रीनगर (7 जनवरी) दक्षिण कश्मीर के अवन्तीपोरा इलाके में मुठभेड़ में लश्कर ए तैयबा का एक उग्रवादी ढेर।
ठाणे (8 जनवरी) बांद्रा-देहरादून एक्सप्रेस के 3 डिब्बों में ठाणे जिले में आग लगने से 9 लोगों की मौत।
नई दिल्ली (9 जनवरी) दिल्ली सरकार द्वारा शुरू भ्रष्टाचार निरोधक हेल्पलाइन को पहले 7 घंटे में करीब 4,000 कॉल मिलीं।
नई दिल्ली (10 जनवरी) वीजा जालसाजी और तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने के आरोप में विवादों में घिरी भारतीय राजनयिक देवयानी खोबरागड़ भारत लौटीं।