लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों के अलावा न्यूयॉर्क में जोहरान ममदानी के मेयर चुने जाने सहित कुछ और खबरें सुर्खियों में रहीं। आइए दिन की पांच बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं।

1- हरियाणा में हुई वोट चोरी- राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर से बीजेपी और चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 25 लाख फर्जी वोटों के जरिए चोरी हुई और साढ़े तीन लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए। राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए और कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित थी लेकिन उसे हेरफेर करके हार में बदल दिया गया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।

2- न्यूयॉर्क के मेयर बने भारतीय मूल के जोहरान ममदानी

भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर पद के लिए हुए चुनाव में जीत हासिल की। अपने पहले संबोधन में ममदानी ने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का जिक्र किया। जोहरान ममदानी प्रसिद्ध भारतीय फिल्म निर्माता मीरा नायर और भारतीय मूल के युगांडा के लेखक महमूद ममदानी के बेटे हैं। उन्होंने पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो और रिपब्लिकन पार्टी के कर्टिस स्लिवा को हराया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।

3- पीएम मोदी से मिलीं भारत की विश्व विजेता बेटियां

विश्व कप 2025 जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने आवास पर आमंत्रित किया। टीम ने पीएम मोदी के साथ ट्रॉफी को शेयर किया। सभी खिलाड़ियों ने पीएम मोदी को ‘NAMO’ नाम की जर्सी भी सौंपी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।

4- भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव को नगर निगम का नोटिस

भोजपुरी स्टार और आरजेडी उम्मीदवार खेसारी लाल कानूनी पचड़ों में फंसते नजर आ रहे हैं। बुधवार को खेसारी लाल यादव के मुंबई स्थित बंगले के निर्माण को अवैध बताते हुए नगर निगम की ओर से उन्हें नोटिस जारी किया गया है। खेसारी लाल यादव को ठाणे के मीरा भायंदर नगर निगम ने मीरा रोड स्थित एक बंगले में अवैध निर्माण को तोड़ने का नोटिस जारी किया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।

5- बिहार में वोटिंग से ठीक पहले बीजेपी को झटका

बिहार में पहले चरण की वोटिंग से ठीक पहले बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। पीरपैंती (सुरक्षित) विधानसभा सीट से पार्टी के मौजूदा विधायक ललन कुमार पार्टी का साथ छोड़कर गुरुवार को आरजेडी में शामिल हो गए। बिहार में पहले चरण के लिए 6 नवंबर को वोटिंग होगी और इस दौरान 121 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। बिहार में विधानसभा की कुल 243 सीटें हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।