जम्मू कश्मीर के राजौरी में आतंकियों ने सेना की गाड़ी पर हमला किया है। आतंकियों ने सेना की गाड़ी पर गोलाबारी की है। यह हमला सुंदरबनी इलाके में हुआ है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दोपहर 1 के आसपास यह हमला हुआ है। आतंकियों ने सेना के वाहन पर करीब दो राउंड फायरिंग की। सेना का वाहन गश्ती कर रहा था।
सेना का वाहन खाई में गिरा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फायरिंग के बाद सेना का वाहन खाई में गिर गया। इसके तुरंत बाद भारी पुलिसबलों की तैनाती की गई और रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई। हालांकि अभी तक अच्छी बात यह है कि किसी प्रकार के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
अधिकारियों के अनुसार जंगल में छिपे आतंकवादियों ने इलाके से गुजर रहे सेना के वाहन पर गोली चलाई थी। सेना ने भी जवाबी गोलीबारी की। इसके बाद इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। हालांकि सेना ने अब तक इस मामले पर आधिकारिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है।
अखनूर सेक्टर के पास गोलीबारी
अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में सेना के जवानों ने मंगलवार-बुधवार की रात जम्मू के अखनूर सेक्टर के कीरी बट्टल इलाके में नियंत्रण रेखा के पास संदिग्ध गतिविधियां देखने के बाद गोली चलाई। उन्होंने बताया कि आज सुबह बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया, जो अंतिम रिपोर्ट मिलने तक जारी रहेगा।
इससे पहले 7 फरवरी को भारतीय सेना ने 7 पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया था। इसमें पाकिस्तान सेना का एक जवान भी शामिल था। 4 फरवरी की रात पुंछ जिले में कृष्णा घाटी के पास यह घटना हुई थी। पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश की गई थी। घुसपैठ का मकसद भारतीय सेना की फॉरवर्ड पोस्ट पर हमला करना था। लेकिन सेना ने साजिश को नाकाम कर दिया। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान की बॉर्डर एक्शन टीम के घुसपैठियों भी इसमें शामिल थे। इससे पहले कुलगाम के बेहीबाग इलाके में आतंकियों ने रिटायर्ड लांस नायक के परिवार पर हमला किया था। इसमें रिटायर्ड लांस नायक मंजूर अहमद की मौत हो गई थी। उनकी पत्नी और बेटी भी हमले में घायल हुए थे।