जम्मू कश्मीर के उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने आज कहा कि हाल में संघर्ष विराम के उल्लंघन का उद्देश्य सीमापार से घुसपैठ कराना है और पाकिस्तान राज्य में वार्षिक अमरनाथ यात्रा को बाधित करने की पूरी कोशिश कर रहा है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पाकिस्तानी पक्ष राज्य में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था और केंद्र सरकार के सख्त रूख को देखते हुए अमरनाथ यात्रा और वैष्णव देवी यात्रा पर हमला करने के फिराक में है।’’
सिंह ने कहा कि जहां पाकिस्तानी सेना और आईएसआई भारत विरोधी गतिविधियों में व्यस्त है, वहीं पाकिस्तान सरकार का इरादा स्पष्ट नहीं है।
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री ने यहां एक समारोह में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश में पीडीपी-भाजपा गठबंधन में कथित मतभेद के विषय पर भी विचार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, ‘‘समस्याएं उत्पन्न होती है क्योंकि हमारा अपना एजेंडा और हमारे सत्तारूढ सहयोगी का अलग एजेंडा है। जिस दिन पार्टी (भाजपा) महसूस करेगी कि गठबंधन में रहना कठिन हो गया है, हम अगले ही क्षण सत्ता में नहीं रहेंगे।’’