Amarnath Yatra 2023: अमरनाथ तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे का उधमपुर ज़िले के टिकरी में काली माता मंदिर में जिला प्रशासन द्वारा स्वागत किया गया। जम्मू से बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा की ओर अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था टिकरी पहुंच गया है। शुक्रवार तड़के करीब सवा चार बजे पूजा अर्चना के बाद उप राज्यपाल और अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा ने पहले जत्थे को झंडी दिखाकर पहलगाम और बालटाल के लिए रवाना किया।
CRPF कमांडेंट रमेश कुमार ने बताया कि यात्रा अभी काली माता मंदिर पहुंची है। यात्रा सुरक्षित चल रही है। सभी यात्री और लोग उत्साहित हैं। स्थानीय लोगों ने भी अमरनाथ तीर्थयात्रियों का स्वागत किया है। उधमपुर जिले के टिकरी में NH-44 पर अमरनाथ यात्रा से पहले सुरक्षा कड़ी की गई।
अमरनाथ यात्रा से पहले सुरक्षा कड़ी
कड़ी सुरक्षा के बीच कश्मीर के लिए वाहनों का काफिला रवाना किया गया। गुरुवार को श्रद्धालुओं का पहला जत्था जम्मू के आधार शिविर भगवती नगर पहुंच गया था। पहली बार यात्रा के दौरान भूस्खलन वाली जगहों से गुजरते वक्त पत्थरों से बचने के लिए हेलमेट दिए जा रहे हैं। श्रद्धालु शनिवार को पारंपरिक बालटाल और पहलगाम रूट से पवित्र गुफा की ओर बढ़ेंगे। बालटाल रूट से जाने वाला जत्था शनिवार को ही हिमलिंग के दर्शन करके लौट आएगा।
यात्रियों को हेलमेट पहनना अनिवार्य
श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के सीईओ मनदीप कुमार भंडारी ने बताया कि यात्रा मार्ग पर लैंडस्लाइड और पत्थर गिरने की घटनाओं को ध्यान में रखकर कुछ हिस्सों को संवेदनशील माना गया है। यहां से गुजरने पर यात्रियों को हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया है। खच्चर का इस्तेमाल करने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी हेलमेट जरूरी है। यह हेलमेट श्राइन बोर्ड की तरफ से फ्री उपलब्ध कराया जाएगा।
उधमपुर पर बाली नाला के पास एक अमरनाथ सुरक्षा काफिले के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से डीएसपी जम्मू-कश्मीर पुलिस और तीन अन्य घायल हो गए। एसएसपी उधमपुर डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि घायल लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल उधमपुर में ट्रांसफर कर दिया गया है।
जम्मू में तीर्थयात्रियों का मौके पर ही रजिस्ट्रेशन शुरू
वहीं, दूसरी ओर अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू में तीर्थयात्रियों का मौके पर ही रजिस्ट्रेशन शुरू किया गया। प्रशासन ने कश्मीर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर की तीर्थयात्रा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बृहस्पतिवार को मौके पर ही पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की। शालीमार क्षेत्र में अपंजीकृत तीर्थयात्रियों के लिए मौके पर ही रजिस्ट्रेशन के लिए केंद्र स्थापित किया गया है, वहीं राम मंदिर परिसर में साधुओं के पंजीकरण के लिए एक विशेष शिविर स्थापित किया गया है।
हिम शिवलिंग के दर्शन के लिए 1 जुलाई 2023 से शुरू होने वाली यात्रा के लिए साधुओं सहित 1,500 से अधिक तीर्थयात्री जम्मू पहुंच चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच, 1000 से अधिक तीर्थयात्री आगे की यात्रा के लिए यहां भगवती-नगर आधार शिविर पहुंच चुके हैं। तीर्थयात्रा 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले में 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से शुरू होगी।