जम्मू में रविवार रात पिछले 70 सालों का सबसे कम तापमान रिकॉर्ड किया गया जिसके कारण कल की रात ‘सबसे सर्द रात’ रही। कल रात जम्मू का न्यूनतम तापमान 0.05 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही शहर में घना कोहरा छाया रहा। वहीं कश्‍मीर के लोगों को इस दौरान ठंड से राहत मिली। यहां पर रात के तापमान में बढ़ोत्‍तरी रही और पारा माइनस 3.3 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने जम्मू और कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में 29-30 जनवरी को बर्फबारी होने की संभावना व्यक्त की है।

जम्मू कश्मीर मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने बताया, ‘कल रात जम्मू का न्यूनतम तापमान 0.05 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जिसके कारण कल की राज पिछले 70 सालों की सबसे सर्द रात रही। इससे पहले 11 जनवरी 1945 को न्यूनतम तापमान 0.06 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हमने 29-30 जनवरी से जम्मू एवं कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने और इसी समयावधि में जम्मू क्षेत्र के मैदानी इलाकों में बारिश होने का अनुमान लगाया है।’

कल का अधिकतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 0.05 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। साथ ही जम्मू में घना कोहरा छाया हुआ था। उन्होंने बताया, ‘जम्मू के क्षितिज पर घने कोहरे के कारण रात सर्द रही।’