Maharashtra Assembly Elections 2024: शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र के गृह मंत्री और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सुरक्षा बढ़ाए जाने की आलोचना की। साथ ही उन्होंने सुरक्षा बढ़ाने का कारण पूछा।

संजय राउत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमारे गृह मंत्री इतने डरे हुए क्यों हैं, कौन उन पर हमला करना चाहता है? क्या इजरायल या लीबिया उन पर हमला करने जा रहा है? क्या उन पर कोई हमला होने वाला है? उन्हें सभी को इसके बारे में बताना चाहिए। फडणवीस को फिलहाल ‘जेड प्लस’ सुरक्षा मिली हुई है।

संजय राउत ने दावा किया कि फडणवीस की सुरक्षा के लिए नागपुर में करीब 200 फोर्स वन कमांडो तैनात हैं। राउत ने कहा कि इस राज्य के गृह मंत्री, जो पूर्व मुख्यमंत्री (देवेंद्र फडणवीस) हैं। उन्होंने अचानक अपनी सुरक्षा बढ़ा दी है। गृह मंत्री दूसरों को सुरक्षा देते हैं, लेकिन उन्होंने अपनी सुरक्षा बढ़ा दी। उन्होंने कहा कि अचानक हमने देखा कि फोर्स वन कमांडो उनके नागपुर घर के बाहर 200 कमांडो खड़े हैं।

राउत ने कहा कि पुलिस महानिदेशक रश्मि शुक्ला को कम से कम सुरक्षा बढ़ाने का कारण बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि रश्मि शुक्ला, जो भाजपा की महानिदेशक हैं । कम से कम उन्हें हमें बताना चाहिए कि मामला क्या है।

ऱश्मि को “भाजपा की महानिदेशक” बताते हुए संजय राउत ने शुक्रवार को यह भी दावा किया है कि अगर रश्मि शुक्ला राज्य पुलिस बल के शीर्ष पर रहती हैं तो महाराष्ट्र में निष्पक्ष विधानसभा चुनाव नहीं हो सकते। गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि शुक्ला 2019 में “सीधे भाजपा के साथ काम कर रही थीं।”

राउत ने कहा कि राज्य की पुलिस महानिदेशक रश्मि शुक्ला के खिलाफ बहुत गंभीर आरोप हैं। 2019 में जब हमारी सरकार बन रही थी, तो यह पुलिस महानिदेशक सीधे भारतीय जनता पार्टी के लिए काम कर रही थीं। हमारे सभी फोन टैप कर रही थी और देवेंद्र फडणवीस को पूरी जानकारी दे रही थीं कि हम क्या करने जा रहे हैं।

अजित ने पूर्व मंत्री के गढ़ में खेला ‘अनिल देशमुख’ कार्ड, NCP की इस चाल से कन्फ्यूज हो सकते हैं वोटर; जानिए बड़ी वजह

उन्होंने कहा कि क्या हम उनसे निष्पक्ष चुनाव कराने की उम्मीद कर सकते हैं? हमने कहा है कि चुनाव की बागडोर उन्हें नहीं दी जानी चाहिए और फिर चुनाव आयोग ने कहा कि उनके पास (स्थानांतरण का) अधिकार नहीं है। ऐसा कैसे हो सकता है? उसी समय, झारखंड के डीजीपी को बदल दिया गया। महाराष्ट्र का चुनाव पुलिस के दबाव के आधार पर हो रहा है।”

इससे पहले गुरुवार को महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार को पत्र लिखकर रश्मि शुक्ला को उनके पद से हटाने का अनुरोध किया था। पत्र में पटोले ने डीजीपी शुक्ला पर राज्य में विपक्षी दलों, जिनमें कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (एसपी) शामिल हैं। उनके खिलाफ “स्पष्ट पूर्वाग्रह” प्रदर्शित करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 20 दिनों में महाराष्ट्र में विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर राजनीतिक हिंसा की कई घटनाएं हुई हैं, जिनमें कथित तौर पर मामले बढ़ रहे हैं।