बिहार में मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह पुलिस छापे में एके-47 राइफल और विस्फोटक बरामद होने के बाद से फरार चल रहे है। इस बरामदगी के बाद बिहार सरकार ने ‘छोटे सरकार’ के नाम से जाने जाने वाले कुख्यात बाहुबली के खिलाफ शिकंजा कस दिया है।

अनंत सिंह के खिलाफ आर्म्‍स ऐक्‍ट, गैर-कानूनी गतिविधि (रोकथाम) कानून और विस्‍फोटक एक्‍ट के तहत केस दर्ज किया गया है। अपराध से अनंत सिंह का पुराना नाता है। एक ठेकेदार की हत्या के मामले आवाज का सैंपल देने के लिए कुछ दिन पहले ही अनंत सिंह को पटना में पुलिस मुख्यालय तलब किया गया था।

अनंत सिंह की नाक में जिस तरह दम हुआ है इसके पीछे बिहार की ‘लेडी सिंघम’ कही जाने वाली आईपीएस अधिकारी लिपि सिंह हैं। एके-47 केस में नाम आने के बाद से लिपि अनंत सिंह की गिरफ्तारी में जुट गई हैं। लिपि वर्तमान में बाढ़ की एएसपी है। आईपीएस बनने के कुछ दिन बाद से ही लिपि अपनी दमदार व बेखौफ कार्यशैली से इलाके के बदमाशों में खौफ का पर्याय बन कर उभरी हैं।

उन्होंने बालू, शराब व अवैध हथियारों के कारोबार पर भी नकेल कसी है। खबरों के अनुसार लिपि सिंह की टीम के डर के मारे ही मोकामा से विधायक अनंत सिंह भागे-भागे फिर रहे हैं। अनंत सिंह के घर पर छापा मारने वाली टीम की अगुवाई खुद लिपि सिंह कर रही थीं।

लिपि सिंह जेडीयू सांसद आरसीपी सिंह की बेटी हैं। आरसीपी सिंह खुद आईएएस अधिकारी रह चुके हैं। वर्तमान में वह बिहार की सत्ताधारी दल जेडीयू में नंबर दो की हैसियत रखते हैं। आरसीपी सिंह को नीतीश कुमार का बेहद करीबी माना जाता है। लिपि ने साल 2015 में यूपीएससी की परीक्षा पास की थी।

[bc_video video_id=”6075182887001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]

सिविल सेवा में उन्हें 114वीं रैंक मिली थी। इसके बाद वह आईपीएस अधिकारी बनीं। ट्रेनिंग के बाद उन्हें बिहार कैडर अलॉट हुआ। 33 साल की लिपि को नालंदा जिले की पहली महिला आईपीएस अधिकारी बनने का गौरव हासिल हुआ। लिपि नालंदा के अस्थावां प्रखंड के मुस्तफापुर गांव की रहने वाली हैं। लिपि ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से कानून की भी पढ़ाई की है।