इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबिअंतो अपने पहले भारत दौरे पर आए हैं। वह गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में भारत दौरे पर आए हैं।इंडोनेशिया के राष्ट्रपति की भारत यात्रा काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अहम बात यह है कि इंडोनेशिया भारत से ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल खरीदना चाहता है। ऐसे में इस यात्रा के दौरान इसकी घोषणा भी हो सकती है। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने वाले चौथे इंडोनेशियाई राष्ट्रपति होंगे।

अहम समझौतों पर बन सकती है सहमति

शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इंडोनेशिया के राष्ट्रपति की द्विपक्षीय बैठक भी है। इसके अलावा इंडोनेशिया के साथ भारत रक्षा और सुरक्षा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य, पर्यटन, ऊर्जा समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा और समीक्षा कर सकता है।

पाकिस्तान नहीं जाएंगे इंडोनेशिया के राष्ट्रपति

इस बीच खबर आई थी कि 26 जनवरी की शाम को ही इंडोनेशियाई राष्ट्रपति सीधा पाकिस्तान रवाना हो जाएंगे। लेकिन अब उनका पाकिस्तान दौरा टल गया है। इस बीच कई मीडिया रिपोर्ट्स ये भी कहती है कि भारत के दबाव के कारण इंडोनेशिया के राष्ट्रपति को अपना पाकिस्तान दौरा टालना पड़ा। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स में खबरें थी कि 26 जनवरी को ही शाम में इंडोनेशियाई राष्ट्रपति पाकिस्तान पहुंच जाएंगे और तीन दिन तक वहां रहेंगे।

क्या भारत के दबाव में रद्द हुआ इंडोनेशिया के राष्ट्रपति का पाकिस्तान दौरा? पड़ोसी देश की चुप्पी ने बढ़ाए सवाल

हालांकि टाइम्स आफ इंडिया में 10 जनवरी को एक रिपोर्ट छपी थी, जिसके अनुसार इंडोनेशियाई राष्ट्रपति के भारत से सीधा पाकिस्तान जाने की योजना सरकार को पसंद नहीं आई। इसीलिए तब तक उन्हें मुख्य अतिथि बनाने की औपचारिक घोषणा भी भारत ने नहीं की थी।

क्या भारत ने जताई थी आपत्ति?

टाइम्स आफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार हाल के वर्षों में भारत ने विदेशी नेताओं को इस बात के लिए प्रोत्साहित किया है कि जब वह भारत दौरे पर आ रहे हैं तो यहां से सीधा पाकिस्तान जाने की योजना ना बनाएं। इस मामले को भारत ने इंडोनेशिया के सामने भी उठाया और उसके बाद इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने अपना पाकिस्तान दौरा टाल दिया। बता दें कि ब्राजील में G 20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति से मुलाकात भी की थी।