इंडिगो (IndiGo) एयरलाइंस की मुंबई- रांची फ्लाइट (Mumbai-Ranchi Flight) में सोमवार देर रात एक यात्री की अचानक तबीयत खराब हो गई। फ्लाइट के अंदर ही उसे खून की उल्टियां होने लगी। आनन-फानन में फ्लाइट की नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यात्री को अस्पताल ले जाया गया हालांकि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक की उम्र 62 साल बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक यात्री तपेदिक (Tuberculosis) और क्रोनिक किडनी रोग (CKD) से पीड़ित था। विमान में उसे खून की उल्टियां होने लगी। इसके बाद उसने दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। जरूरी मेडिकल प्रक्रियाओं और मंजूरी के बाद इंडिगो फ्लाइट ने सफलतापूर्वक नागपुर से रांची तक अपनी यात्रा फिर से शुरू की।
यात्री की पहचान देवानंद तिवारी के रूप में हुई है। यह घटना इंडिगो एयरलाइंस (इंडिगो) की मुंबई से रांची आने वाली फ्लाइट संख्या 6E 5093 में हुई। इसके बाद नागपुर स्थित डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग की गई लेकिन इलाज से पहले ही यात्री की मौत हो गई।
इससे पहले 17 अगस्त को नागपुर एयरपोर्ट पर उड़ान भरने से पहले एक पायलट की मौत हो गई। पायलट इंडिगो एयरलाइंस का था। उनका नाम कैप्टन मनोज सुब्रमण्यम था। जानकारी के मुताबिक वह वह नागपुर से पुणे के लिए फ्लाइट पकड़ने वाला था लेकिन एयरपोर्ट के बोर्डिंग गेट के पास वह अचानक गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट से हुई। इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर सनसनी मच गई।