Indian Railways: देश की राजधानी नई दिल्ली में घने कोहरे के कारण रेल सेवा प्रभावित हुई है। शनिवार (पांच जनवरी) को करीब 13 ट्रेनें देरी से पहुंची। ये निर्धारित समय से दो से तीन घंटे की देरी से दिल्ली पहुंचीं, जबकि सुबह न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हवा में आर्द्रता का स्तर 66 से 100 प्रतिशत के बीच था।
मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, शहर में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीच 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने अगले 24 घंटे में मध्यम कोहरा छाने और हल्की बारिश होने की संभावना जाहिर की है। पालम और सफदरजंग वेधशाला में सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता क्रमश: शून्य और 400 मीटर और सुबह साढ़े आठ बजे 50 और 400 मीटर दर्ज की गई।
रेल प्रवक्ता ने बताया कि कोहरे के कारण 13 ट्रेनों को अपने तय समयानुसार दो से तीन घंटे की देरी हुई। फरक्का एक्सप्रेस मालदा-दिल्ली जंक्शन, महाबोधि गया-नई दिल्ली, पूर्वा एक्सप्रेस हावड़ा-नई दिल्ली और गरीब रथ जयनगर-आनंद विहार उन ट्रेनों में शामिल हैं, जो तय समय से देरी से चल रही हैं।
बहरहाल, दिल्ली हवाई-अड्डे पर विमानों का संचालन अप्रभावित रहा। अधिकारी ने बताया कि दिल्ली हवाईअड्डे पर विमानों के संचालन के लिए दृश्यता पर्याप्त थी। उनके मुताबिक, अधिकतम तापमान के 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 18.4 डिग्री सेल्सियस और 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, शुक्रवार को भी राजधानी में सुबह घना कोहरा छाया रहा था, जिसके चलते लगभग 55 ट्रेनें रद्द कर दी गई थीं। अधिकारियों के मुताबिक, कम विजिबिलिटी की वजह से पूरे उत्तर रेलवे में कम से कम 11 ट्रेनें देरी से चलीं, जबकि 25 ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द रहीं। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस था, जो मौजूदा मौसम के लिहाज से सामान्य है।
सुबह 5.30 बजे पालम और सफदरजंग में विजिबिलिटी क्रमश: शून्य मीटर और 400 मीटर रही। पालम एवं सफदरजंग में सुबह 8.30 बजे तक दृश्यता क्रमश: 50 मीटर और 400 मीटर थी। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, हावाड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस, मालदा-आनंदविहार एक्सप्रेस, मुंबई-अमृतसर एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, मालदा-दिल्ली एक्सप्रेस ऐसी कुछ ट्रेनें रहीं जो कई घंटे की देरी से चलीं।
(भाषा इनपुट्स के साथ)

