Mumbai Rains, Weather Forecast: उत्तर भारत के कई इलाकों में मंगलवार (9 जुलाई 2019) को भारी बारिश हुई। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में सर्वाधिक बारिश हुई। इस जिले में 222 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ मे भी अच्छी बारिश हुई जिससे लोगों गर्मी और उमस से राहत मिली। राष्ट्रीय राजधानी में हल्की बारिश से तापमान दो डिग्री सेल्सियस कम हो गया।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से दो डिग्री कम था जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तराखंड के किच्छा में 135 मिलीमीटर जबकि देहरादून जिले के कलसी में 129 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। आपदा प्रबंधन कार्यालय ने कहा कि चंपावत जिले के बनबासा में 79 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं नवी मुंबई, बोरीवली और आसपास के इलाकों में भी बारिश हुई। बोरीवली में दिनभर हल्की बूंदाबांदी हुई लेकिन शाम होते-होते यहां बादलों ने जमकर पानी बरसाया।

Live Blog

21:41 (IST)09 Jul 2019
मुंबई में 9, 10, 11, 12, 13 जुलाई को भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने मुंबई में 9, 10, 11, 12, 13 जुलाई को भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा 14 और 15 जुलाई को भी कुछ इलाकों में जोरदार बारिश की संभावना जताई गई है।विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया है। गौरतलब है कि बारिश के बाद जलभराव की ससस्या से जूझ रही मुंबई के लिए आने वाले कुछ दिन परेशानी भरे साबित हो सकते हैं।

21:13 (IST)09 Jul 2019
असम में बाढ़ के हालात गंभीर

असम में बाढ़ के हालात गंभीर हो गए हैं। राज्य के जिलों में 62 हजार से अधिक लोग इससे प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा मोचन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने बताया कि 145 गांव पानी में डूबे हुए हैं और 3,435 हैक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान हुआ है। बाढ़ के हालात और खराब हो सकते हैं क्योंकि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में असम समेत पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश का अनुमान जताया है।

20:17 (IST)09 Jul 2019
राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में बारिश

राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और अधिकतर स्थानों तथा पश्चिमी क्षेत्र के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़े के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान धौलपुर जिले के राजाखेड़ा में नौ सेंटीमीटर, जयपुर के शाहपुरा में आठ सेंटीमीटर, करौली के मंडरायल में छह सेंटीमीटर, नादौती में छह सेंटीमीटर, भरतपुर के डीग में पांच सेंटीमीटर, भरतपुर तहसील में पांच सेंटीमीटर, सीकर के नीमकाथाना में पांच सेंटीमीटर, झुंझुनूं के खेतड़ी में पांच सेंटीमीटर, दौसा के सिकराय में पांच सेंटीमीटर, धौलपुर के सैपउं में चार सेंटीमीटर, झुंझुनूं के उदयपुरवाटी में चार सेंटीमीटर, धौलपुर तहसील में तीन सेंटीमीटर, बसेड़ी में तीन सेंटीमीटर, भरतपुर के नगर में तीन सेंटीमीटर, चूरू के राजगढ़/सादुलपुर में चार सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

19:24 (IST)09 Jul 2019
पश्चिम बंगाल-झारखंड में अगले 4-6 घंटों में होगी भारी बारिश

पश्चिम बंगाल, झारखंड में अगले 4-6 घंटों में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं अगले 24 घंटों के दौरान, अरुणाचल प्रदेश, असम और नागालैंड के हिस्सों में भारी से मूसलाधार वर्षा की उम्मीद है। स्काइमेट वेदर के मुताबिक पश्चिम बंगाल के कोलकाता, मालदा, मुर्शिदाबाद, नादिया, उत्तरी चौबीस परगना, बांकुड़ा, बीरभूम, कूच बिहार, दक्षिणी चौबीस परगना उत्तरी दिनाजपुर में अगले 4-6 घंटों के दौरान मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं झारखंड के बोकारो, चतरा, देवघर, धनबाद, दुमका, गढ़वा, गिरिडीह, लातेहार, लोहरदगा, पाकुड़, पलामू, रामगढ़, रांची और राज्य के सिमडेगा जिले में भी अगले 4-6 घंटों में भारी बारिश की संभावना है।

18:41 (IST)09 Jul 2019
पावर डिस्कॉम ने मानसून परामर्श जारी किया

पावर डिस्कॉम ने बारिश के मौसम में अपने उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और हादसों को रोकने के लिए ‘मानसून परामर्श’ जारी किया है। बीएसईएस के प्रवक्ता ने बताया कि बीवाईपीएल और बीआरपीएफ की मानसून कार्य योजना तैयार हैं। परामर्श का जिक्र करते हुए प्रवक्ता ने बताया कि लोगों को बिजली के खंभों और ट्रांसफॉर्मर से दूर रहना चाहिए और ट्रांसफॉर्मर के निकट बच्चों को खेलने से रोका जाना चाहिए।

18:01 (IST)09 Jul 2019
उत्तराखंड में भारी बारिश

उत्तराखंड के कई हिस्सों खासतौर पर कुमाऊं क्षेत्र में भारी बारिश हुई। सबसे ज्यादा 222 मिमी बारिश उधम ंिसह नगर जिले के कथिमा में हुई। वहीं उधम सिंह नगर के ही अन्य स्थान कीछा में 135 मिमी बारिश दर्ज हुई। इसके बाद देहरादून जिले के कल्सी में 129 मिमी और रायवाला में 115 मिमी बारिश हुई। आपदा प्रबंधन कार्यालय ने यहां बताया कि चम्पावत जिले के बनबासा में 79 मिमी बारिश हुई। पिथौरागढ़ की काली और गोरी नदी खतरे के निशान से सिर्फ कुछ मीटर ही नीचे बह रही थी।

17:13 (IST)09 Jul 2019
मुंबई में अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने मुंबई में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण अब तक 40 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। भारतीय मौसम विभाग ने मछुआरों को अरब सागर में नहीं जाने की सलाह दी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि समुद्र में ऊंची लहरें उठने के साथ ही 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इससे पहले सोमवार को एक बार फिर भारी बारिश से रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ। विमान परिचालन भी थोड़ी देर के लिए रोकना पड़ा। मूसलाधार बारिश के कारण महानगर में कई लोगों को अपने कार्यालयों तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

16:26 (IST)09 Jul 2019
महाराष्ट्र: मालशेज घाट पर 31 जुलाई तक नहीं जा सकेंगे पर्यटक

महाराष्ट्र के मालशेज घाट पर पर्यटक 31 जुलाई तक नहीं जा सकेंगे। प्रशासन ने यहां पर आवाजाही पर पाबंदी लगा दी है। महाराष्ट्र के ठाणे और पुणे जिले में स्थित इस घाट पर एहतियातन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया। बीते सालों में पहाड़ी दर्रों के खिसकने और घटनाओं को ध्यान में रखते हुए ही 31 जुलाई तक पर्यटकों की एंट्री प्रतिबंधित कर दी गई है।

15:37 (IST)09 Jul 2019
मुंबई में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट

मुंबई में अगले 24 घंटे में भारी से अधिक भारी होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने मुंबई और उत्तरी कोंकण में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। बीएमसी का कहना है कि वह बरसात के मद्देनजर जगह-जगह से पानी निकालने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस बीच लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।

14:46 (IST)09 Jul 2019
मुंबई में अब तक 808 एमएम बारिश

मुंबई में इस सीजन में अब तक 808 एमएम बारिश हो चुकी है। स्काइमेट वेदर के अनुसार मानसून आने के एक सप्ताह बाद ही मुंबई में लगातार बारिश हो रही है। मुंबई में इस महीने 841 एमएम बारिश का अनुमान व्यक्त किया गया था। ऐसे में बारिश अपने अनुमान से महज 33 एमएम ही कम है। मौसम विभाग ने बुधवार को भी भारी बारिश का अनुमान जताया है।

13:36 (IST)09 Jul 2019
मुंबई पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने को कहा

मुंबई में भारी बारिश के मद्देनजर लोगों से सावधानी बरतने को कहा है। पुलिस ने ट्वीट कर लोगों से आग्रह किया कि मुंबईकर सतर्कता बरतते हुए अपनी सुरक्षा को सुनिश्चित करें। पुलिस ने आपात स्थिति में 100 नंबर पर मदद लेने को कहा।

12:58 (IST)09 Jul 2019
महाराष्ट्र में बांधों का जलस्तर बढ़ा

महाराष्ट्र में मानसून की अच्छी बारिश के कारण राज्य में बांधों के जलस्तर में वृद्धि हुई है। पिछले 24 घंटे में पुणे के तेमघर में 190 एमएम और पनशेट बांध के पास के क्षेत्र में 100 एमएम बारिश दर्ज की गई। वही वीकेंड के दौरान पुणे के सतारा में 85.8 एमएम और नासिक में 70.5 एमएम बारिश दर्ज की गई।

12:30 (IST)09 Jul 2019
मुंबई में शाम को हाईटाइड की चेतावनी

मुंबई में शाम को हाई टाइड की आ सकता है। भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई में शाम 6 बजे हाई टाइड की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना की समुद्र में 3.57  मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं। इस बीच मुंबई में सड़क और हवाई ट्रैफिक सामान्य बना हुआ है।

12:00 (IST)09 Jul 2019
बीएमसी ने असिस्टेंट इंजीनियर्स को ऑफिस में रुकने को कहा

मुंबई में भारी बारिश को देखते हुए बृहनमुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने अपने सहायक इंजीनियर्स को रात के समय ऑफिस में ही रुकने को कहा है। बीएमसी का कहना है कि अगले 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर असिस्टेंट इंजीनियर्स अपने वार्ड कार्यालय में रात्रि में इमरजेंसी सेवाएं के लिए उपलब्ध रहें।

11:28 (IST)09 Jul 2019
मध्य रेलवे ने की 8 स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था

मुंबई में भारी बारिश के बीच पीक आवर में लोगों की देखते हुए मध्य रेलवे ने आठ स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की। ये ट्रेनें डोंबिविली से ठाणे स्टेशन के बीच संचालित की गई। इस संबंध में रेलवे की तरफ से इस सप्ताह के शुरू में ही व्यवस्था कर ली गई थी। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटे में कोलाबा में 41 एमएम और सांताक्रूज में 130.4 एमएम बारिश दर्ज की गई।

11:00 (IST)09 Jul 2019
मुंबई के विक्रोली में इमारत का हिस्सा गिरा

मुंबई के विक्रोली में बारिश के दौरान एक इमारत का हिस्सा गिर गया। यहां ओपेरा हाउस बिल्डिंग का एक हिस्सा टूट कर गिर गया। घटना के समय बीएमसी के कर्मचारी वहां बैरिकेडिंग का काम कर रहे थे। इस इमारत को कुछ घंटे पहले ही खाली किया गया था। इससे पहले रंगाई-पुताई के दौरान ही बिल्डिंग का एक हिस्सा टूट कर गिर गया था।

10:30 (IST)09 Jul 2019
महाराष्ट्र के रत्नागिरी में तलाशी अभियान जारी

महाराष्ट्र के रत्नागिरी में तिवारे बांध हादसे के सात दिन बाद भी तलाशी अभियान जारी है। एनडीआरएफ की टीम अब तक 20 शवों को बरामद कर चुकी है। अभी तीन लोग लापता हैं।