जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के इलाफ़ कड़ा एक्शन लेते हुए सिंधु जल संधि को स्थगित कर दिया है। इसके साथ ही भारत ने पाकिस्तान के साथ सभी व्यापार संबंध भी खत्म कर दिए हैं और पाकिस्तान से अपने सभी राजनयिकों को भी वापस बुला लिया है। विदेश मंत्रालय ने सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा भी रद्द कर दिए हैं और उन्हें देश छोड़ने का आदेश दिया है। इस बीच किसान नेता नरेश टिकैत ने कहा कि यह फैसला गलत है।
सिंधु जल संधि पर किसान नेता नरेश टिकैत ने कहा, “यह गलत फैसला है। संधि जारी रहनी चाहिए थी। हम इसके खिलाफ हैं। हम किसान हैं और हर किसान को पानी की जरूरत है।”
नरेश टिकैत ने सिंधु जल संधि को रद्द करने के फैसले को गलत बताया
वहीं, इससे पहले रविवार को सहारनपुर में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने भी पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार के सिंधु जल संधि को रद्द करने के फैसले को गलत बताया था। BKU के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा था कि पहलगाम आतंकी हमले के लिए पूरे पाकिस्तान को दोषी ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने कहा था, “पाकिस्तान में कुछ लोग आतंकवाद को बढ़ावा देते हैं लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वहां की पूरी जनता गलत है।” उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का पानी रोकना गलत किसान चाहे हिंदुस्तान का हो या पाकिस्तान का पानी बंद होने से उसका नुकसान होगा।
पढ़ें- हमले के बाद अब कैसा है पहलगाम का हाल?
नरेश टिकैत ने कहा कि इस हमले में पूरे पाकिस्तान को हम दोषी नहीं मानते हैं। सिंधु जल संधि को रद्द करने और पाकिस्तान का पानी रोकने पर उन्होंने कहा कि हम इस निर्णय का समर्थन नहीं करते। गलती 4-5 लोग करें और इसका नुकसान लाखों लोग भरें ये सही नहीं है।
बीजेपी ने टिकैत पर ‘पाकिस्तान की भाषा’ बोलने का आरोप लगाया
भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को नरेश टिकैत पर ‘पाकिस्तान की भाषा’ बोलने का आरोप लगाया। टिकैत ने पहलगाम आतंकी हमले के परिणामस्वरूप सिंधु जल संधि को स्थगित करने के सरकार के फैसले पर आपत्ति जताई थी। जिसके बाद भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष और सांसद राजकुमार चाहर ने टिकैत पर निशाना साधा और मांग की कि वह अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगें। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘नरेश टिकैत पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। उनका कहना है कि पानी रोकने का सरकार का फैसला गलत है। उनका कहना है कि सभी पाकिस्तानी दोषी नहीं हैं केवल कुछ लोगों ने ही हमला किया है।’’ चाहर ने कहा, ‘‘मैं उनकी टिप्पणियों की कड़ी निंदा करता हूं। उन्हें ऐसी टिप्पणियां करने में शर्म आनी चाहिए। उन्होंने भारत के खिलाफ बोला है। उन्हें देश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।’’ पढ़ें- पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ भारत का एक्शन