Independence Day: भारत आज (15 अगस्त 2022) अपनी आजादी के 75 वर्ष पूरे कर चुका है। इस मौके पर स्पेस किड्ज इंडिया ने पृथ्वी से लगभग 30 किलोमीटर ऊपर भारतीय तिरंगे को फहराया। इसके लिए स्पेस किड्स इंडिया ने भारतीय तिरंगे को एक गुब्बारे की मदद से ग्रह से 1,06,000 फीट की ऊंचाई पर भेजा था। ये कार्यक्रम भी आजादी के अमृत महोत्सव का एक हिस्सा है और देश की आजादी की ऐतिहासिक वर्षगांठ मनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुरू किए गए अभियान हर घर तिरंगा अभियान के तहत इसे अंजाम दिया गया।
स्पेस किड्ज इंडिया एक संगठन है जो देश के लिए युवा वैज्ञानिकों का निर्माण कर रहा है और एक असीमित दुनिया के लिए बच्चों में जागरूकता फैला रहा है। इस संगठन ने हाल ही में एक उपग्रह को लो अर्थ ऑर्बिट में लॉन्च किया है। आजादी सैट को आजादी के 75 साल पूरे होने पर पूरे भारत के 750 छात्रों ने मिलकर विकसित किया है।
अंतरिक्ष से भी आ रहे बधाई संदेश
भारत की आजादी के 75वें साल के मौके पर अंतरिक्ष से भी बधाई के संदेश आ रहे हैं। अंतरिक्ष यात्री सामंथा क्रिस्टोफोरेटी जो अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर रह रहे हैं और काम कर रहे हैं उन्होंने एक वीडियो मैसेज में कहा कि भारत को स्वतंत्रता के 75 साल पर बधाई देना खुशी की बात है। दशकों से अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने कई अंतरिक्ष और विज्ञान मिशनों पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के साथ मिलकर काम किया है।
इंडो-अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री ने भारत को दी बधाई
इस बीच भारतीय-अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री राजा चारी ने भी भारत को बधाई दी और कहा, “नासा और इसरो के बीच सहयोग का एक लंबा इतिहास रहा है। अंतरिक्ष युग के शुरुआती दिनों में जब नासा ने भारत में रॉकेट की आवाज पर इसरो के साथ काम किया था। सहयोग आज भी जारी है क्योंकि हम संयुक्त अंतरिक्ष और पृथ्वी विज्ञान मिशन पर काम कर रहे हैं।”