इंडिया गठबंधन में इस समय असमंजस की स्थिति बनी हुई है। यहां महत्वाकांक्षाओं की लड़ाई चल रही है, कई मुद्दों पर असहमति है और सीट शेयरिंग को लेकर भी विवाद है। इस बीच बिहार में लगे इंडिया गठबंधन के एक पोस्टर ने बवाल शुरू करवा दिया है। असल में उस पोस्टर में ना तेजस्वी यादव को जगह दी गई ना जेडीयू अध्यक्ष ललन सिंह को रखा गया। अब उस पोस्टर पर जैसे ही विवाद बढ़ा, 50 मिनट के अंदर उसे वहां से हटा दिया गया।
क्यों शुरू हुआ विवाद?
जानकारी मिली है कि कुछ कार्यकर्ताओं ने बिहार के जेडीयू दफ्तर के बाहर एक बड़ा सा पोस्टर लगा दिया है। वो पोस्टर इंडिया गठबंधन का था। उसमें विपक्षी कुनबे के नेताओं को जगह दी गई। लेकिन बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को उससे नदारद कर दिया गया, इसके ऊपर ललन सिंह को भी जगह नहीं दी गई। जैसे ही इस बात पर सभी की नजर पड़ी, मामला बड़ा बन गया और आनन-फानन में 50 मिनट के अंदर में ही उस पोस्टर को वहां से हटा दिया गया। अब ये चूक थी या फिर किसी की शैतानी, अभी तक ये साफ नहीं। इस पूरे विवाद पर पार्टी भी किसी भी तरह की सफाई देने से बच रही है।
ममता भी हो चुकी हैं नाराज
वैसे ये कोई पहली बार नहीं है जब इंडिया गठबंधन में ऐसी स्थिति बनती दिख रही हो। मुंबई बैठक के दौरान जिस तरह से प्रेस कॉन्फ्रेंस से बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चली गई थीं, उसने कई सवाल उठाए थे। आधाकारिक बयान में जरूर कुछ कारण बताए गए, लेकिन राजनीतिक कारण उससे एकदम अलग रहे। असल में माना गया कि ममता कांग्रेस नेता राहुल गांधी से नाराज हो गई थीं। जिस तरह से बिना किसी से चर्चा किए उन्होंने अडानी मुद्दे को उठाया, जिस तरह से सरकार पर हमला करने का काम किया, उन्हें ये रास नहीं आया।
इंडिया गठबंधन में असमंजस
इसके अलावा ममता बनर्जी इस बात से भी नाराज नजर आईं कि बंगाल में कांग्रेस ने लेफ्ट के साथ गठबंधन पर अपनी रणनीति साफ नहीं की। अभी तक उन्हें ये पता नहीं चला कि लेफ्ट और कांग्रेस का गठबंधन होने वाला है या नहीं। इसी वजह से उन्होंने बीच में ही प्रेस कॉन्फ्रेंस छोड़ना सही समझा। बड़ी बात ये रही कि मंच पर ही मजाकिया अंदाज में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने भी कह दिया कि अगर ममता चली गई हैं तो हमे भी चले जाना चाहिए।