कर्नाटक विधानसभा चुनाव से ठीक पहले ‘बीफ’ का मुद्दा एक बार फिर से उठ गया है। इस बार राज्य में सत्तारूढ़़ कांग्रेस पार्टी ने इसे उठाते हुए भाजपा को ‘बीफ जनता पार्टी’ कहा है। इस मुद्दे पर लाइव डिबेट में कांग्रेस समर्थक आचार्य प्रमोद कृष्णम की दलीलों पर भाजपा प्रवक्ता को यहां तक कहना पड़ गया कि ‘सोनिया गांधी गौमांस खाती हैं, ऐसा मत कहिए।’ दरअसल, टीवी चैनल ‘नेटवर्क 18 इंडिया’ पर डिबेट चल रहा था। इसमें भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा और आचार्य प्रमोद कृष्णम भी हिस्सा ले रहे थे। प्रमोद कृष्ण्म ने कहा, ‘संबित पात्रा के बयान से यह स्पष्ट हो गया है कि अब गाय काटना पाप नहीं रह गया है, बल्कि यह पुण्य हो गया है। यह बहुत दुख की बात है। यह भी स्पष्ट हो गया है कि गौ वध पर रोक लगाने के लिए कानून नहीं लाया जाएगा। हमें उम्मीद थी कि गाय को काटने पर प्रतिबंध लगाने को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर कानून आएगा, लेकिन संबित पात्रा के बयानों से वह टूट गया है। मेरा दिल रो रहा है कि भाजपा के लिए गाय अब माता नहीं रही। बात सपा, बसपा या अन्य दलों की नहीं हो रही है।’ उनके इतना कहते ही डिबेट में हिस्सा ले रहे पैनलिस्टों में तीखी बहस शुरू हो गई।
प्रमोद कृष्णम ने संबित पात्रा को संबोधित करते हुए कहा, ‘आपके मंत्री ने खुलेआम गौमांस खाने की बात कही है। गोवा के मुख्यमंत्री (मनोहर पर्रिकर) ने कहा कि गोमांस की कमी नहीं होने दी जाएगी…आप बोलने में बहुत माहिर हैं। आप बहुत चतुर हैं। आप बहुत ही चालाक पार्टी के चालाक प्रवक्ता हैं। कांग्रेस पार्टी तो भोली पार्टी है। कुछ भी बोलकर फंस जाती है। इसी वजह से पार्टी के प्रवक्ता डिबेट में भी नहीं आते हैं। मेरा सीधा सवाल है। आप कांग्रेस या सपा से जो कहना है कहिए, लेकिन यह तो बताइए कि गौ वध पर राष्ट्रीय कानून आना चाहिए की नहीं।’ आचार्य प्रमोद कृष्णम ने दलितों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा, ‘दलित बेचारा हमेशा से पिटता रहा है और आज भी पिट रहा है। जिग्नेश मेवाणी को बोलने नहीं दिया गया है। चंद्रशेखर आजाद (भीम आर्मी का प्रमुख) को जेल भेज दिया गया। सरकार दलितों का उत्पीड़न कर रही है जो ठीक बात नहीं है। आप दलितों को सूली पर चढ़ाना चाहते हैं।’ बहस में शामिल आरएसएस से जुड़े मामलों के जानकार अवनीजेश अवस्थी ने कहा कि राहुल गांधी को मंदिरों में जाता देख उन्हें बहुत खुशी होती है।
#AarPaar में @AcharyaPramodk ने कहा, गाय काटना पाप नहीं है pic.twitter.com/JspR6rPpZq
— News18 India (@News18India) January 22, 2018
ट्विटर पर देखिए कांग्रेस का ‘वीडियो वार’, देखते रहिए #AarPaar pic.twitter.com/oUEOJhdxRC
— News18 India (@News18India) January 22, 2018
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के करीब आते ही भाजपा और कांग्रेस में जुबानी जंग बढ़ गई है। कांग्रेस ने ट्वीट किया, ‘पर्रिकर इसे (गोमांस) आयात करना चाहते हैं, योगी आदित्यनाथ इसे एक्सपोर्ट करना चाहते हैं, किरण रिजिजू इसे खाना चाहते हैं, संगीत सोम इसे बेचना चाहते हैं, भाजपा कहती है बीफ और बिजनेस को मिक्स मत करिए। लेकिन, बीफ और राजनीति को मिक्स करने में उनकी हां है। बीजेपी के पाखंड की हद हो गई है।’ कांग्रेस ने इस ट्वीट के साथ एक वीडियो भी पोस्ट किया है। मालूम हो कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर्नाटक के दौरे पर गए थे, जहां उन्होंने हिन्दुत्व का राग छेड़ दिया था। इसके बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को खुद को 100 फीसद हिन्दू बताना पड़ा था।