बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद नेता लालू प्रसाद अपने बेबाक और मजाकिया अंदाज में बात रखने के लिए जाने जाते हैं। लेकिन एक बार एबीपी न्यूज के शो में लालू प्रसाद पत्रकार एनके सिंह के सवाल पर भड़क गए थे। उन्होंने कहा था कि मोदी जी का माला जपिए और दंगा करवाइए। साथ ही एंकर द्वारा जब पप्पू यादव को लेकर सवाल किए गए तो राजद नेता ने एंकर को ही डांट लगा दी।

पत्रकार एनके सिंह ने लालू प्रसाद से कहा था कि लालू जी आपने लगभग 20 मिनट तक बोला। लेकिन कोई भी ऐसा तथ्य आपने नहीं दिया जिससे कि लगे वर्तमान सरकार सच में बहुत खराब कार्य कर रही है। आपको ऐसे मुद्दे उठाने चाहिए थे वो आपका काम था। आज भी आप 25 साल पुराने सामाजिक न्याय के मुद्दे पर ही बात कर रहे हैं। अब राजनीति है बदल गयी है। 25 साल से आप वही राजनीति कर रहे हैं। मैं 20 मिनट से आपको सुन रहा हूं।

राजद नेता ने कहा कि आपलोगों ने हमारी सूरत को क्या बनाया? जंगलराज कह कर आप लोगों ने बिहार के साथ अपराध किया। आज देश का कोई भी आदमी बिहार नहीं जाना चाहता है। लालू प्रसाद ने कहा कि जिन शैतानों ने कहा जंगलराज, उसने बिहार के साथ अन्याय किया है।

लालू प्रसाद ने कहा कि हम पिछड़े वर्ग से आते हैं इस कारण हमें जोकर बताया गया। लेकिन हमारी लड़ाई जारी है। आप मोदी जी का माला जपते रहिए, भोग करते रहिए, देश को तोड़ते रहिए, दंगा करवाते रहिए! जब एंकर ने उनसे कहा कि पप्पू यादव आपके साथ नहीं हैं, क्या असर होगा विधानसभा चुनाव पर तो उन्होंने कहा कि आप क्या पप्पू यादव की बात करते हैं।

आप लोग पप्पू यादव को क्या बोलते थे याद नहीं है, बहुत अच्छा लगता है पप्पू यादव आपको? आज आपको बहुत अधिक चिंता है कि पप्पू यादव की भरपायी कैसी होगी। आप हिसाब किताब मिलाते रहिए, सर्वेक्षण करते रहिए। आप ही लोग कहते थे पप्पू यादव.., अब बाहर कर दिया तो इन्हें चिंता हो रही है।