Rain Forecast Mumbai: भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार सुबह के लिए मुंबई में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए मुंबई पुलिस ने शहर के लोगों से घरों में रहने की अपील की है। मुंबई पुलिस ने शहर में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे घरों में ही रहें। बेहद जरूरी होने पर ही घर से निकलें। मुंबई पुलिस की तरफ से लोगों को अलर्ट रहने और इमरजेंसी के केस में 100 नंबर डायल करने के लिए कहा गया है।
BMC द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई में गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर सभी स्कूल और कॉलेज में छुट्टी का ऐलान किया गया है। बृहन्मुंबई नगर निगम ने मुंबई वासियों से अनुरोध किया है कि वे सिर्फ जरूरी होने पर ही अपने घरों से बाहर निकलें।
मुंबई और उसके उपनगरों में बुधवार दोपहर से भारी बारिश जारी है। इस वजह से निचले इलाकों में पानी भर गया है। बुधवार को कुर्ला और ठाणे स्टेशनों के बीच लोकल ट्रेनें रुकने और यात्रियों के फंसने की खबर आई। इसके अलावा सड़कों पर ट्रैफिक मूवमेंट काफी स्लो रही। BMC ने कहा, “यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम की जानकारी लें और उसके अनुसार ही प्लान बनाएं।”
सेंट्रल रेलवे (Central Railway Local Train Services) ने देर रात बताया कि कई जगहों पर बारिश बंद होने के बाद ट्रैक से पानी हुआ और ट्रेन सेवाएं बहाल हो गईं। हार्बर लाइन पर रेल सेवाएं जल्द ही फिर से शुरू होने की उम्मीद है। यहां भी पानी घटा है। सेंट्रल रेलवे ने देर रात ट्वीट कर कहा कि अपनी सुरक्षा के लिए कृपया ट्रेन के अंदर रहें। ट्रैक पर न उतरें। भारी बारिश और जलभराव के कारण लोकल ट्रेनें लेट हैं। ट्रेनों का संचालन बेहद सावधानी से किया जा रहा है। पानी कम होते ही ट्रेन आपके स्टेशन तक अपनी यात्रा जारी रखेगी। सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपका सहयोग आवश्यक है।
न्यूज एजेंसी ANI द्वारा जारी किए गए वीडियोज में मुंबई की कई सड़कों पर बारिश की वजह से ट्रैफिक मूवमेंट काफी स्लो रहा। जगह-जगह लोगों को जाम की स्थिति का सामना करना पड़ा। मुंबई के कुर् ईस्ट एरिया में बारिश की वजह से घुटनों तक पानी भर गया। यहां कई कारें और दो पहिया वाहन पानी में बंद हो गए। नेहरू नगर एरिया में भी बारिश की वजह से जल भराव की स्थिति पैदा हो गई। चेंबूर में भी लोगों को जल भराव की वजह से लोगों को परेशान होना पड़ा।
Mumbai Rain News: दो फ्लाइट्स को किया गया डायवर्ट
बारिश के कारण बुधवार को मुंबई आ रहीं दो फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा। एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि इनके अलावा कंपनियों की सात फ्लाइट्स रात 8.09 मिनट तक मंजूरी के इंतजार में उतर नहीं सकीं और हवा में ही मंडराती रहीं। उन्होंने बताया कि इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई1052 को शुरू में हवा में चक्कर लगाने को कहा गया और बाद में अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतरने का निर्देश दिया गया।