उत्तर भारत में ठंड का कहर जारी है। रविवार को भी दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली। इससे तापमान और गिर गया। इससे ठंड बढ़ गई है। दिल्ली में बारिश के बाद न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, सुबह घने कोहरे की वजह से 45 ट्रेनों में देरी हुई। कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई, जिससे ट्रेन संचालन प्रभावित हुआ। बारिश के बाद अब कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है। आईएमडी ने कोहरे को लेकर दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री कम था। सफदरजंग मौसम केंद्र पर 1.6 मिमी, पालम में 2.4 मिमी, दिल्ली विश्वविद्यालय में 2 मिमी, पूसा में 1.5 मिमी और नजफगढ़ में 4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न हिस्सों जैसे करावल नगर, शाहदरा, द्वारका और नजफगढ़ में बारिश जारी रहने की संभावना है।
सफदरजंग में देर रात 12:30 से 1:30 बजे तक न्यूनतम दृश्यता केवल 50 मीटर रही, जो बाद में बढ़कर 200 मीटर हो गई। सुबह साढ़े सात बजे तक दृश्यता इसी स्तर पर रही। रविवार को मौसम विभाग ने बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई है, जबकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 17 और 11 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
गाजियाबाद में शाम से लेकर रात तक हल्की बूंदाबांदी जारी रही। यह बे मौसम बारिश का दूसरा वाकया है, जो 15 दिनों में हुआ है, और इससे ठंड में और भी बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में 8 मिलीमीटर बारिश की संभावना जताई है। अगले दो दिन तक मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा। आज सुबह का तापमान 8 डिग्री था, और दिन में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिनभर बादल छाए रहेंगे, और बीच-बीच में हल्की बारिश हो सकती है। आज हवा की गति 11 किमी प्रति घंटा है, जिससे सर्दी में और इजाफा हुआ है।
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का कहर जारी है और स्थानीय मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को निचले व मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश और मध्यम व ऊंचई वाले पहाड़ी इलाकों में अलग-अलग जगह पर बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। पिछले 24 घंटों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा। मौसम विभाग ने बताया कि 14 जनवरी 2025 की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। साथ ही बृहस्पतिवार व शुक्रवार को मध्यम और ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी का भी अनुमान है।
