Weather Update Today: अप्रैल का महीने शुरू होने के साथ ही अब गर्मी भी तेजी से बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत में भीषण गर्मी और हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने कहा कि देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में चिलचिलाती धूप पड़ रही है। इससे लोगों के पसीने छूटने लगे हैं। साथ ही पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
देश की राष्ट्रीय राजधानी में चिलचिलाती हुई धूप पड़ रही है। आईएमडी ने चेतावनी जारी करते हुए भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है। अगले 6 से 7 दिनों तक बारिश या बादलों की संभावना नहीं है। शनिवार के बाद हवाएं भी कमजोर पड़ जाएंगी। इसके कारण अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री तक पहुंच सकता है और न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। यह बढ़कर 22 से 23 डिग्री पर पहुंच सकता है। दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी झुलसाने वाली गर्मी पड़ने वाली है।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?
राजस्थान में भी अब तेजी से गर्मी बढ़ रही है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। यह सामान्य तापमान से करीब 2-4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। सबसे ज्यादा तापमान बाड़मेर में दर्ज किया जा रहा है।
यूपी और बिहार का मौसम
उत्तर प्रदेश में गर्मी का सितम बढ़ रहा है। यहां तेज खिली धूप के कारण लोग बाहर नहीं जाना चाहते हैं। प्रदेश के कई जिलों का अधिकतम तापमान बढ़कर 40 डिग्री तक पहुंच गया है। आने वाले दिनों में लू चलने की संभावना जताई जा रही है। वहीं अब अगर बिहार के मौसम की बात की जाए तो बिहार में भी भीषण गर्मी पड़ने वाली है। हालांकि, कुछ इलाकों में गर्मी पड़ने से पहले हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है।
जलवायु संकट की मार, बढ़ता तापमान, अनियमित मौसम और जल संकट से हाहाकार
पहाड़ी राज्यों में मौसम का हाल
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति, कुल्लू, कांगड़ा और किन्नौर जिले में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इससे ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में 2 से 3 डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के मुताबिक, आने वाले दिनों में बारिश की कमी होगी, जिससे तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मियों की शुरुआत होगी।
इन राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि के आसार
आईएमडी ने 5 अप्रैल को असम और मेघालय में और 6 अप्रैल को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग ओलावृष्टि की भी भविष्यवाणी की है। 5 और 6 अप्रैल को केरल, माहे, असम और मेघालय में अलग-अलग जगहों पर और 5 अप्रैल को तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश में और 6 अप्रैल को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश होने के आसार हैं।